logo

जन सुराज ने बीजेपी का दिया साथ, कांग्रेस पर इस मामले को लेकर बरसे प्रशांत किशोर

pk7.jpg

पटना 
दरभंगा में आयोजित वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपमानजनक शब्द कहे जाने को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस नेता के मंच से पीएम मोदी को गाली देने की घटना पर अब जन सुराज पार्टी के संयोजक प्रशांत किशोर ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह व्यवहार कांग्रेस जैसी पार्टी को शोभा नहीं देता और उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
प्रशांत किशोर ने कहा कि नरेंद्र मोदी सिर्फ एक राजनीतिक दल के नेता नहीं, बल्कि देश के प्रधानमंत्री हैं, और उनकी मां को अपशब्द कहना पूरी तरह से निंदनीय है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध हो सकता है, लेकिन शालीनता की सीमा नहीं लांघनी चाहिए। उन्होंने मंच पर मौजूद नेताओं की जिम्मेदारी तय करने की बात भी कही।


इस पूरे मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ मुजफ्फरपुर की अदालत में मुकदमा दर्ज किया गया है। पटना और मुजफ्फरपुर सहित बिहार के कई जिलों में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यालयों के बाहर नारेबाजी और झड़प की घटनाएं भी सामने आईं। पटना स्थित सदाकत आश्रम में हुई हिंसा में लाठीचार्ज और पथराव की नौबत आ गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
प्रशांत किशोर ने समस्तीपुर में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की आलोचना करना अलग बात है, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर और परिवार को घसीटना कहीं से भी उचित नहीं है। उन्होंने कहा, "मैं भी प्रधानमंत्री की आर्थिक नीतियों की आलोचना करता हूं, लेकिन अपशब्द कहना किसी भी सूरत में सही नहीं।"


इस मामले में पटना के दो थानों में कार्रवाई की मांग को लेकर आवेदन दिया गया है। दरभंगा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन बीजेपी का आक्रोश अभी भी कम नहीं हुआ है। अब यह विरोध प्रदर्शन बिहार से निकलकर दिल्ली तक पहुंच गया है।

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update Bihar News in Hindi