द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए पूरी तरह से चुनावी मोड में सक्रिय हो गया है। गुरुवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने राज्य में दो अलग-अलग स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राजद पर तीखा हमला बोला और कहा कि आरजेडी का अर्थ है, “रंगदारी, जंगलराज और दादागिरी।"
वैशाली जिले के पातेपुर में आयोजित जनसभा में बोलते हुए जेपी नड्डा ने कहा, “जो लोग नौकरी के बदले जमीन ले लेते हैं, वे क्या युवाओं को रोजगार देंगे? जो महिलाओें की इज्जत की रक्षा नहीं कर सकते, वे क्या जनता को सुरक्षा दे पाएंगे?" उन्होंने आगे कहा, “मेरा जन्म पटना में हुआ है और मैंने अपने शुरुआती 20 साल बिहार में बिताए हैं। इसलिए मैं उस अंधकार युग का भी साक्षी हूं, जब राज्य में भय और असुरक्षा का माहौल था, और आज का उजाले का युग भी देख रहा हूं।"
नड्डा ने एनडीए और महागठबंधन की तुलना करते हुए कहा, “अगर एनडीए की बात करें तो इसका मतलब है, विकास, विकास, विकास और विकास। जबकि महागठबंधन का मतलब है, विनाश, विनाश, विनाश और विनाश। पिछले 20 सालों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और प्रधानमंत्री के आशीर्वाद से बिहार को विनाश से विकास की ओर ले जाने का प्रयास किया गया है।" सभा के अंत में उन्होंने मतदाताओं से अपील की, “6 तारीख को किसी गफलत में मत पड़ना, झूठे वादों में मत फंसना। ये वही लोग हैं जिन्होंने 15 साल तक बिहार में जंगलराज चलाया था। आज राज्य सुख, शांति और अमन के साथ विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।"
