खगड़िया/बिहार
मानसी प्रखंड अन्तर्गत एकनिया मिडिल स्कूल में किताब पढ़ने के दौरान सही उच्चारण नहीं करने पर शिक्षक ने दंड बैठक की सजा दी। इससे कक्षा छह की 9 छात्राएं बेहोश हो गईं। आनन-फानन में सभी छात्राओं को स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है।

छात्राओं को पीटा और 208 बार उठक-बैठक करने को कहा
अस्पताल में भर्ती छात्राओं ने बताया कि सामाजिक विज्ञान के शिक्षक पाठ का उच्चारण करवा रहे थे। गलती होने पर शिक्षक ने कथित तौर पर छात्राओं को पीटा और 208 बार उठक-बैठक करने को कहा। जिसके कारण नौ छात्राएं बेहोश हो गईं। इनमें साधना कुमारी, शाम्भवी कुमारी, ज्योति कुमारी, शिवानी कुमारी, प्रिया कुमारी, निजा कुमारी, मीनाक्षी कुमारी, चांदनी कुमारी और सीता कुमारी शामिल हैं।

सभी छात्राओं की हालत फिलहाल सामान्य
सूचना मिलते ही सदर एसडीओ समेत स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु कर दी। सदर एसडीओ धनंजय कुमार ने बताया कि सभी छात्राओं की हालत फिलहाल सामान्य है। इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। घटना के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है। छात्राओं और अभिभावकों से भी जानकारी ली जा रही है, ताकि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।