logo

नीतीश कुमार की जीवनी का लालू यादव करेंगे लोकार्पण, जानें किसने लिखी है किताब

1777.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जीवनी जल्द ही लोग पढ़ सकेंगे। ''नीतीश कुमार: अंतरंग दोस्तों की नज़र से'' का लोकार्पण 3 जुलाई को पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव करेंगे। यह कार्यक्रम सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर पटना में होगा। यह किताब राजकमल प्रकाशन से प्रकाशित हुई है। जानकारी के अनुसार किताब में नीतीश कुमार यानी मुन्ना बाबू, ‘नेताजीऔर नीतीश जी से माननीय नीतीश कुमार बनने की कहानी है। यह कहानी उनके साथ वर्षों से जुड़े अभिन्न दोस्तों ने लिखी है। बताया जा रहा है कि इसमें यह नीतीश कुमार की उस व्यक्तिगत-पारिवारिक छवि को पहली बार सामने लाया गया है जो उनके जगज़ा​​हिर सियासी जीवन के पीछे हमेशा ओझल रही है।

प्रेरक और दिल को छू लेने वाली जीवनकथा है
इस जीवनी को लेखक उदय कांत ने लिखा है। जिन्होंने इंजीनियरिंग में पीएचडी की डिग्री प्राप्त की है। वहीं, इसका प्रकाश राजकमल प्रकाशन समूह ने किया है। समूह के अध्यक्ष अशोक महेश्वरी ने कहा की "यह जीवनी नीतीश कुमार के जीवन से जुड़े कई ऐसे अंतरंग पहलुओं को उजागर करती है, जो अब तक सार्वजनिक नहीं थे। यह एक प्रेरक और दिल को छू लेने वाली जीवनकथा है। उन्होंने कहा कि राजकमल प्रकाशन से उनका बहुत पुराना नाता रहा है। वे अपने कॉलेज के दिनों में भी पुस्तकें खरीदने के लिए अक्सर पटना शाखा में आते थे।

कार्यक्रम में कई मंत्री भी रहेंगे उपस्थित
कार्यक्रम में बतौर वक्ता बिहार के वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य विभाग के मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण विभाग मंत्री अशोक चौधरी; जल संसाधन, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग मंत्री संजय कुमार झा; राज्यसभा सदस्य एवं राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता मनोज कुमार झा के अलावा पूर्व मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह और राजकमल प्रकाशन समूह के अध्यक्ष अशोक महेश्वरी मौजूद रहेंगे। वहीं, इस कार्यक्रम का संचालन जगजीवन राम संसदीय अध्ययन एवं राजनीतिक शोध संस्थान के निदेशक नरेंद्र पाठक करेंगे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N