पटना
पटना में STET परीक्षा को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई। मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे छात्रों को रोकने के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, दो अभ्यर्थियों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
हजारों की संख्या में अभ्यर्थी STET परीक्षा की तिथि घोषित करने की मांग को लेकर सड़क पर उतरे थे। उनका इरादा मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का था, लेकिन पुलिस ने जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया।
करीब एक घंटे तक अभ्यर्थी बैरिकेड के सामने शांतिपूर्ण तरीके से डटे रहे, लेकिन जैसे ही कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरियर तोड़ने की कोशिश की, पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। इससे भगदड़ मच गई और कई छात्रों को चोटें आईं।

डटे हुए हैं अभ्यर्थी, पुलिस ने कसी सुरक्षा
लाठीचार्ज के बाद भी छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अब डाकबंगला चौराहा पर जमा हैं, जहां पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त कर रखे हैं। वाटर कैनन की गाड़ी भी तैनात कर दी गई है। हालांकि इसके बावजूद कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेड पर चढ़कर नारेबाजी और पोस्टर लहराते दिखे।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों की प्रमुख मांग है कि STET (स्टेट टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट) की परीक्षा जल्द से जल्द आयोजित की जाए और इसकी तिथि की घोषणा की जाए। छात्रों का कहना है कि लंबे समय से परीक्षा नहीं होने के कारण उनका करियर अधर में लटक गया है और शिक्षक बनने का सपना अब धुंधलाने लगा है।
