द फॉलोअप डेस्क
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपनी पार्टी RJD का नया प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने पर मंगनी लाल मंडल को बधाई दी है। बता दें कि बीते शनिवार को उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन डाला था। और इस पद के लिए पार्टी के किसी नेता ने पर्चा नहीं भरा था जिसके बाद वे निर्विरोध निर्वाचित कर दिए गए है। तेजस्वी यादव ने इस बात की जानकारी एक्स पर दी है।
तेजस्वी यादव ने मंगनी लाल मंडल को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई देते हुए एक्स पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट लिखा है। तेजस्वी ने तस्वीर भी साझा की है और लिखा है “निर्विरोध राजद का प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने पर आदरणीय श्री मंगनी लाल मंडल जी को मिठाई खिलाकर बधाई दी। बिहार में किसी भी पार्टी द्वारा प्रथम बार “अतिपिछड़ा वर्ग” से प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है”।
उन्होंने आगे लिखा, “राजद से अनुसूचित जाति वर्ग, मुस्लिम वर्ग, पिछड़ा वर्ग एवं अगड़ा वर्ग से पूर्व में प्रदेश अध्यक्ष रह चुके है। अब अतिपिछड़ा वर्ग से संबंध रखने वाले वरिष्ठ एवं अनुभवी समाजवादी नेता आदरणीय श्री मंगनीलाल मंडल जी को अध्यक्ष बनाया गया है। सर्वप्रथम किसी अतिपिछड़ा को प्रदेश अध्यक्ष बनाने का गौरव राजद को ही हासिल हुआ है”।
नेता तेजस्वी यादव ने लिखा, “सनद रहे, देश में राजद ही सर्वप्रथम एवं अकेली ऐसी पार्टी है जिसने अपने संगठन में दलितों और अतिपिछड़ों के लिए आरक्षण लागू किया हुआ है। हम जुबानी खर्च नहीं करते बल्कि वास्तव में सामाजिक न्याय की अवधारणा को धरातल पर उतारते है। हमें आशा ही नहीं पूर्व विश्वास है कि श्री मंगनीलाल मंडल जी के नेतृत्व में प्रदेश राजद नई उचाईयों को छुएगा”।
अंत में तेजस्वी ने लिखा है, “निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष आदरणीय श्री जगदानंद सिंह जी का कार्यकाल सकारात्मक व गुणात्मक परिवर्तन के लिए सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने 85 वर्ष की उम्र में भी जिस कर्मठता, समर्पण, त्याग, अनुशासन एवं लग्न के साथ इस महत्ती ज़िम्मेवारी का निर्वहन किया वह वर्णन से परे है”।
बता दें कि इस साल अक्टूबर- नवंबर में बिहार विधानसभा का चुनाव होने वाला है। और इसको लेकर सभी पार्टियां अपना दम दिखाना शुरू कर चुकी है