logo

बिहार चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज, पूर्व IPS आनंद मिश्रा समेत कई दिग्गज बीजेपी में शामिल

anand_mishra.jpg

पटना 
बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री नागमणि कुशवाहा और राज्य की पूर्व मंत्री सुचित्रा सिन्हा भी भाजपा में शामिल हुईं।
इन सभी नेताओं ने पटना स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली।
भाजपा जॉइन करने के बाद आनंद मिश्रा ने कहा कि बिहार को मजबूत बनाने के लिए भाजपा को मजबूत करना जरूरी है, और इसी सोच के साथ उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली है। चुनाव लड़ने को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी टिकट के दावेदार नहीं हैं, बल्कि पूरी निष्ठा के साथ भाजपा के लिए काम करते रहेंगे।
गौरतलब है कि आनंद मिश्रा पहले प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी से जुड़े हुए थे और उन्हें यूथ विंग की जिम्मेदारी दी गई थी। हालांकि हाल के दिनों में वह पार्टी से दूरी बना चुके थे। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में बक्सर से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी किस्मत आजमाई थी, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। अब चर्चा है कि वह बक्सर की किसी विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।
भाजपा में शामिल हुए एक अन्य दिग्गज नेता नागमणि कुशवाहा, बिहार के प्रसिद्ध समाजवादी नेता स्वर्गीय जगदेव प्रसाद के पुत्र हैं। पिछड़े वर्गों के हक में आवाज उठाने वाले नागमणि ने इससे पहले आरजेडी, जेडीयू और लोजपा जैसी पार्टियों में काम किया है और वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं।
भाजपा जॉइन करने के बाद नागमणि कुशवाहा ने कहा कि उन्होंने बिना किसी शर्त के पार्टी का दामन थामा है और पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में कुशवाहा समाज भाजपा और एनडीए के साथ एकजुट होकर खड़ा रहेगा।

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update Bihar News in Hindi Bihar।atest News Update IPS anand mishra BJP bihar politics bihar election