logo

ई-वोटिंग की ऐतिहासिक शुरुआत : बिहार बना देश का पहला राज्य, ये महिला और पुरुष बने पहले वोटर

BIHA00321.jpg

पटना
देश में पहली बार ई-वोटिंग के जरिए मतदान की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो गई है और बिहार इस प्रणाली को लागू करने वाला पहला राज्य बन गया है। यह प्रयोग नगर निकाय चुनावों में किया गया, जिसमें छह घंटे के भीतर 57 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने मोबाइल एप के माध्यम से घर बैठे वोट डाले।
ई-वोटिंग को लेकर आम लोगों में उत्साह इस कदर रहा कि पारंपरिक बूथ वोटिंग से ज्यादा प्रतिशत में लोगों ने डिजिटल तरीके को अपनाया। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए दो अलग-अलग मोबाइल एप eVoting SECBHR और eVoting SECBIHAR के माध्यम से कुल 40,280 मतदाताओं ने खुद को पंजीकृत किया और पहली बार इस तकनीक का उपयोग करते हुए वोट डाला।


पहली महिला और पुरुष ई-वोटर भी बिहार से
इस ऐतिहासिक प्रक्रिया में देश की पहली ई-वोटर पूर्वी चंपारण की विभा कुमारी बनीं, जिन्होंने वार्ड नंबर 8, पकड़ीदयाल से एप के जरिए मतदान किया। वहीं, उसी जिले के मुन्ना कुमार पहले पुरुष बने जिन्होंने ऑनलाइन वोटिंग की। दोनों ने पहले पंजीकरण कराया और फिर मोबाइल एप के माध्यम से वोट डाले।
तकनीक और सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम
ई-वोटिंग प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया। इसमें ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी, फेस रिकग्निशन और वोटर आईडी मिलान जैसी प्रक्रियाएं शामिल थीं। सुरक्षा के तहत एक मोबाइल नंबर से केवल दो वोटरों को लॉगिन की अनुमति दी गई।
यह सुविधा मुख्य रूप से उन मतदाताओं को ध्यान में रखकर विकसित की गई है जो शारीरिक रूप से असमर्थ हैं, गर्भवती हैं, वरिष्ठ नागरिक हैं या प्रवासी हैं और मतदान केंद्र तक नहीं पहुंच सकते।


दो एप, दो प्रकार के चुनाव
निर्वाचन आयोग ने जानकारी दी कि नगरपालिका आम निर्वाचन 2025 के लिए eVoting SECBHR एप तीन जिलों के छह नगर पंचायतों में प्रयोग में लाया गया। इसमें मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद और वार्ड पार्षद पदों के लिए मतदान हुआ। वहीं, eVoting SECBIHAR एप का उपयोग पांच जिलों के छह नगरपालिकाओं में हो रहे उप-निर्वाचन में किया गया। दोनों एप्स को यूजर फ्रेंडली बनाया गया है, ताकि पंजीकरण और वोटिंग की प्रक्रिया सरल रहे।

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update Bihar News in Hindi