द फॉलोअप डेस्क:
मोतिहारी जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और जिला नियोजनालय की ओर से पहल की जा रही है। इसके तहत आगामी 21 सितंबर को मोतिहारी जिला नियोजनालय परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में करीब 20 प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल होंगी और अलग-अलग पदों के लिए अभ्यर्थियों का मौके पर ही इंटरव्यू लिया जाएगा। जिला नियोजन पदाधिकारी अंकित राज ने बताया कि रोजगार मेले की तैयारियां चल रही हैं। मेले में स्थानीय कंपनियों के साथ-साथ देश के अलग-अलग हिस्सों से भी कंपनियां पहुंचेंगी। कंपनियां अपनी जरूरत के अनुसार विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेंगी। इस रोजगार मेले की खास बात यह है कि युवाओं को एक ही जगह पर कई कंपनियों में नौकरी के अवसर मिलेंगे। अभ्यर्थी अपनी योग्यता और संबंधित पद की पात्रता के अनुसार इंटरव्यू में शामिल हो सकेंगे।

8वीं पास से स्नातक तक के युवाओं को मौका
रोजगार मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए अवसर उपलब्ध होंगे। 8वीं पास, मैट्रिक, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक तक की योग्यता रखने वाले युवा इसमें शामिल हो सकते हैं। युवा अपनी शैक्षणिक योग्यता और संबंधित पद की पात्रता के अनुसार कंपनियों में आवेदन और साक्षात्कार की प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे। इससे कम शैक्षणिक योग्यता वाले युवाओं के साथ-साथ तकनीकी और स्नातक स्तर की पढ़ाई कर चुके अभ्यर्थियों को भी नौकरी के अवसर मिल सकेंगे। रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा यानी रिज्यूम की पर्याप्त प्रतियां लेकर पहुंचना होगा। इसके अलावा शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की फोटोकॉपी भी साथ रखना जरूरी होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी शैक्षणिक योग्यता से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज पहले से व्यवस्थित करके रखें, ताकि इंटरव्यू और चयन प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

21 सितंबर को जिला नियोजनालय परिसर में पहुंचे युवा
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी शैक्षणिक योग्यता से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज पहले से व्यवस्थित करके रखें, ताकि इंटरव्यू और चयन प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। जिला प्रशासन और जिला नियोजनालय की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को कंपनियों से सीधे जोड़ना है। एक ही जगह करीब 20 कंपनियों के पहुंचने से अभ्यर्थियों को रोजगार के कई अवसर तलाशने का मौका मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी 21 सितंबर को मोतिहारी जिला नियोजनालय परिसर पहुंचकर रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं।