द फॉलोअप डेस्क
लोकसभा सांसद राहुल गांधी 5 फरवरी को एक बार फिर पटना आ रहे हैं। इस बार वह जगलाल चौधरी की जयंती समारोह में शामिल होने वाले हैं, जो कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम की जानकारी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने दी है। मिली जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी इस दौरे पर कांग्रेस के नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। इसके साथ ही राहुल विधानसभा चुनाव को लेकर भी महत्वपूर्ण बैठक कर सकते हैं।जनवरी में भी पटना आए थे राहुल गांधी
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी का यह दौरा खास इसलिए है क्योंकि जनवरी में भी वह पटना आए थे। इस दौरान उन्होंने संविधान पर एक कार्यक्रम में भाग लिया था। अब 5 फरवरी को उनका बिहार दौरा बिहार विधानसभा चुनावों से पहले महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह यात्रा राजनीतिक दृष्टि से भी काफी चर्चा में है। इसका प्रमुख कारण है कि उसी दिन दिल्ली में भी विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
जानकारी हो कि जब पिछले महीने जनवरी में राहुल गांधी पटना आए थे, तो उन्होंने यहां RJD प्रमुख लालू यादव से मुलाकात की थी। यह बिहार की राजनीति में एक बड़ा संकेत माना गया था। ऐसे में एक बार फिर उनके बिहार दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में काफी अटकलें लगाई जा रही हैं।