logo

मुजफ्फरपुर अस्पताल हादसा : CM सम्राट ने जताया शोक, पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख मुआवजे की सहायता राशि का दिया निर्देश

CM सम्राट ने जताया शोक, पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख मुआवजे की सहायता राशि का दिया निर्देश

मुजफ्फरपुर/बिहार 
मुजफ्फरपुर जिले के प्रसाद हॉस्पिटल में भीषण आग की चपेट में आने से करीब 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मृत व्यक्तियों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। सीएम सम्राट ने लिखा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें। इसके साथ ही मृतक के परिजनों को अविलंब 4-4 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान प्रदान करने का निर्देश दिया है। घायलों के उपचार के लिए सदर अस्पतालों में समुचित व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया है।

 

मरीजों और परिजनों के बीच चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 3:40 बजे जिले के प्रसाद हॉस्पिटल में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते अस्पताल का आईसीयू समेत कई हिस्से इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों और उनके परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त अस्पताल में दो दर्जन से अधिक मरीज भर्ती थे, जिनमें कई गंभीर मरीज आईसीयू में इलाजरत थे। आग और धुएं के कारण मरीजों को बाहर निकालने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दर्दनाक हादसे में 10 मरीजों की मौत की आशंका जताई गई थी, लेकिन डीएम सुब्रत कुमार सेन ने मृतकों की संख्या की पुष्टि करते हुए बताया गया कि 4 लोग इस हादसे के शिकार हो गए हैं। वहींं घायल मरीजों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस-प्रशासन और FSL टीम मामले की जांच में जुटी हुई हैं। अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन उपकरणों की भी जांच की जा रही है। 

Tags - Muzaffarpur hospital fire Muzaffarpur fire tragedy Prasad Hospital fire