द फॉलोअप डेस्क
बिहार के नालंदा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा चंडी थाना क्षेत्र के सालेपुर गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल के नीचे पानी भरे गड्ढे में जा गिरी। जानकारी के मुताबिक, सभी युवक ब्लैक कलर की Mahindra Scorpio में सवार होकर कहीं घूमने जा रहे थे। इसी दौरान गाड़ी अचानक बेकाबू हो गई और पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराई, फिर करीब 20 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही चंडी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने दो छात्रों को मृत घोषित कर दिया।

इस हादसे में दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हैं। प्राथमिक इलाज के बाद सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। इनमें से दो की हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि सभी युवक चंडी इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र थे और उनकी उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच थी। मृतकों की पहचान आशीष कुमार और राहुल कुमार के रूप में हुई है, जबकि घायलों में उत्सव सिंह, शशिकांत और धीरज कश्यप शामिल हैं। सभी का संबंध रोहतास और समस्तीपुर जिले से बताया जा रहा है। वहीं चंडी थाना अध्यक्ष सुमन कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना सामने आया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
