logo

माफी मांगें नीतीश कुमार, अमर्यादित टिप्पणी पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने रखी मांग

a493.jpeg

बिहार में जनसंख्या नियंत्रण और महिला शिक्षा से समाज में बदलाव को लेकर विधानमंडल में संबोधन के दौरान  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बयान से हंगामा खड़ा हो गया है। जनसंख्या नियंत्रण को लेकर नीतीश कुमार ने शादी के बाद स्त्री-पुरुष के रिश्तों पर अशोभनीय टिप्पणी कर दी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जनसंख्या नियंत्रण को लेकर महिलाएं किस कदर जागरूक हुई हैं, सदन में यही समझा रहे थे लेकिन उन्होंने जो कहा उसे सुनकर सदन में बैठे सत्तापक्ष और विपक्ष के विधायक असहज हो गए। महिला सदस्य भी इस दौरान नाराज दिखीं। अब मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। 


राष्ट्रीय महिला आयोग ने बयान पर लिया संज्ञान
राष्ट्रीय महिला आयोग ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से माफी की मांग की है। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार तत्काल माफी मांगें। विधानसभा में उनकी टिप्पणी अशोभनीय और अपमानजनक है। उन्होंने कहा कि देश-प्रदेश की सभी महिलाएं गरिमा और सम्मान की हकदार हैं। हम सभी महिलाओं की ओर से मांग करते हैं कि नीतीश कुमार अपने बयान के लिए माफी मांगें। 

नीतीश कुमार की भाषा समाज पर काला धब्बा
राष्ट्रीय महिला आयोग ने कहा कि भाषण के दौरान नीतीश कुमार ने जिन शब्दों का इस्तेमाल किया। ऐसी अपमानजनक और घटिया भाषा समाज के लिए एक धब्बा है। उन्होंने कहा कि यदि एक लोकतंत्र में कोई नेता खुलेआम ऐसी टिप्पणियां कर सकता है तो यह कल्पना करना भी भयावह है कि उनके नेतृत्व में राज्य का वातावरण कैसा होगा। महिला आयोग ने कहा कि हम उनके व्यवहार के खिलाफ मजबूती से खड़े हैं। हम चाहते हैं कि वह जवाबदेही लें।