नई दिल्ली
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए में सीट शेयरिंग की प्रक्रिया तेज हो गई है। पटना से आए प्रस्तावों के बाद गठबंधन के शीर्ष नेताओं की दिल्ली में एक अहम बैठक हुई, जिसमें सीट बंटवारे का खाका लगभग तैयार कर लिया गया।
रविवार को सभी घटक दलों के प्रमुख नेता दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलेंगे। बैठक का मकसद सीट बंटवारे पर अंतिम सहमति बनाना और गठबंधन की एकजुटता का संदेश देना है।

सूत्रों के अनुसार, रविवार को छोटी-मोटी अड़चनों को दूर कर सीट शेयरिंग का फार्मूला तय कर लिया जाएगा। उसी शाम बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें पार्टी अपने हिस्से की सीटों पर उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लगाएगी। फार्मूला तय होते ही एनडीए औपचारिक रूप से चुनावी मैदान में उतर जाएगा और अगले हफ्ते से उम्मीदवारों के नामों की घोषणा शुरू हो सकती है।
