logo

भतीजे ने ताना मारते हुए कहा- चाचा, तरक्की तो आप ही कर रहे हैं, फिर मुंह में मार दी गोली 

CHACHA.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
बिहार के पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। पारिवारिक रंजिश में भतीजे ने अपने सगे चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना चिरैया टाल पुर हाई स्कूल गली की है। वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग डरे-सहमे हैं। मृतक की बेटी लवली कुमारी के मुताबिक, उनके पिता सूरज यादव घर की रंगाई-पुताई का काम करवा रहे थे। तभी उनका भतीजा सतेंद्र उर्फ झुनझुनू यादव आया और ताना मारते हुए बोला, “चाचा, तरक्की तो आप ही कर रहे हैं।”

इसके बाद वह घर गया, हथियार लेकर लौटा और 2 गोलियां दाग दीं। एक गोली सूरज यादव के मुंह में और दूसरी सिर में लगी। घायल सूरज यादव को परिजन फौरन अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार झुनझुनू भारतीय सेना में कुक रह चुका है। सेना की नौकरी छोड़ने के बाद अक्सर नशे में रहता था। पड़ोसियों के मुताबिक, वह कई बार झगड़े और मारपीट कर चुका है।  कुछ समय पहले उसने सूरज यादव की पत्नी पर भी हमला किया था, तब जेल गया था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि झुनझुनू की हरकतों को लेकर पहले भी डर का माहौल था। उसका बर्ताव हिंसक था और लोगों से अक्सर उलझ जाता था। वारदात के बाद पूरे मोहल्ले में गुस्सा और डर दोनों है। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एसपी ने कहा कि हम 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लेंगे। मृतक परिवार को पूरा न्याय मिलेगा। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Tags - Bihar News Bihar Hindi News Bihar Latest News Patna News Patna Latest News Patna Crime News