कुढ़नी:
कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव (Kudhani assembly by-election) को लेकर नामांकन का दौर जारी है। मुकेश सहनी की VIP ने भी अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। निलाभ कुमार (Nilabh Kumar) VIP की ओर से उम्मीदवार होंगे। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने भी अपने उम्मीदवार की घोषणा की है। वहीं दूसरी ओर AIMIM की ओर से गुलाम मुर्तजा अंसारी (Ghulam Murtaza Ansari) चुनाव लड़ेंगे। गुलाम मुर्तजा ऑल इंडिया मोमिन कॉन्फ्रेंस के सदस्य और पूर्व जिला पार्षद रहे हैं। बता दें कि BJP और महागठबंधन ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा पहले ही कर दी है। BJP की ओर केदार गुप्ता (Kedar Gupta) को मैदान में उतारा गया है वहीं महागठबंधन ने जेडीयू उम्मीदवार मनोज कुशवाहा (Manoj Kushwaha) पर अपना दांव खेला है। इस सीट पर 5 दिसंबर को वोटिंग होगी और 8 दिसंबर को मतगणना होगी।

कुढ़नी में अनिल साहनी थे विधायक
इससे पहले कुढ़नी में अनिल साहनी विधायक थे। एलटीसी घोटाला में नाम आने के कारण उनकी सदस्यता चली गई जिसके चलते ये उपचुनाव हो रहा।उनपर राज्यसभा सांसद रहते 2013 में एलटीसी घोटाले के तहत बिना कोई यात्रा के जाली ई-टिकट और फर्जी बोर्डिंग पास के जरिए 23 लाख 71 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला आया था। इस मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद 3 साल की सजा सुनाई गई है। जिसके बाद यह सीट खाली हो गई। जिसपर ही चुनाव करवाया जा रहा है। 17 तारीख तक नामांकन है। इसके बाद 18 और 21 नवंबर को नामांकन वापसी की डेट है।