पटना
पटना सिटी के अगमकुआं थाना क्षेत्र स्थित बड़ी और छोटी पहाड़ी चौराहा के पास सड़क हादसे के बाद जमकर हंगामा हुआ। तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और भीड़ ने एक खाली बस समेत कई वाहनों में आग लगा दी। इसके अलावा कई वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
सड़क पार करते समय बस ने युवक को कुचला
जानकारी के अनुसार, पहाड़ी मोहल्ला निवासी 27 वर्षीय मनीष उर्फ उपेंद्र सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते वहां आक्रोश फैल गया।
मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम
युवक की मौत से नाराज लोगों ने बड़ी और छोटी पहाड़ी चौराहा के पास सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुआवजे और दोषी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। सड़क जाम के कारण NH-30 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई घंटों तक आवागमन प्रभावित रहा।
भीड़ ने बस समेत कई वाहनों में लगाई आग
प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और स्थिति धीरे-धीरे बेकाबू हो गई। गुस्साई भीड़ ने सड़क किनारे खड़ी एक खाली बस में आग लगा दी। इसके अलावा कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। उपद्रवियों ने कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए और दुपहिया वाहनों को भी निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि कुछ सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया गया। आगजनी की घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
पुलिस पर पथराव, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन हालात नियंत्रित नहीं हो सके और कुछ लोगों ने पुलिस पर भी पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। स्थिति संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। वहीं, आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने मृतक मनीष उर्फ उपेंद्र के शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस और प्रशासन के समझाने के बाद धीरे-धीरे सड़क जाम हटाया गया और यातायात सामान्य करने की कोशिश शुरू की गई।
NH-30 पर घंटों लगा रहा जाम
हंगामे और आगजनी के कारण NH-30 पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्रियों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे। मौके पर पहुंचे एएसपी राजकिशोर सिंह ने बताया कि सड़क हादसे के बाद कुछ समय के लिए विधि व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिसे अब नियंत्रित कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क जाम हटवा दिया गया है और पूरे मामले में जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।.jpeg)
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद बड़ी और छोटी पहाड़ी इलाके में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बड़ी और छोटी पहाड़ी को जोड़ने वाले मार्ग पर अंडरपास निर्माण की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि चौराहा पार करना हमेशा जोखिम भरा रहता है और आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उनका मानना है कि अगर यहां अंडरपास का निर्माण हो जाए तो भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सकता है।