द फॉलोअप डेस्क:
Patna Diwali Accident: पटाखों की आतिशबाजी और दीपों की रोशनी के बीच दीपावली (Diwali) पर पटना में कई हादसे हुए। पटाखे जलाने के दौरान जिले में 78 लोग झुलसकर अस्पताल पहुंचे। इनमें तीन बच्चे और दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए। वहीं, पटाखों से आंखों को हुए नुकसान के मामले भी सामने आये। आईजीआईएमएस (IGIMS) के चक्षु संस्थान में दीपावली और सोमवार को मिलाकर 25 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें 12 मरीजों की आंख का गोला फटने जैसी गंभीर चोट थी। संस्थान के हेड डॉ. विभुति प्रसन्न सिन्हा के अनुसार, दीपावली के दिन 16 और सोमवार को नौ मरीज पहुंचे थे। गंभीर रूप से घायल सभी 12 मरीजों को इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

पटाखों के धुएं से बढ़ी सांस की परेशानी, 48 मरीज पहुंचे अस्पताल
आतिशबाजी के कारण निकले धुएं और प्रदूषण का असर सांस के मरीजों पर भी पड़ा। सीओपीडी से पीड़ित लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद उन्हें पीएमसीएच और आईजीआईएमएस में इलाज के लिए पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने इन्हें इन्हेलर और जरूरी दवाएं दीं। सांस संबंधी परेशानी के कुल 48 मरीजों का इलाज किया गया। इसके अलावा 20 लोग सिर में चोट और 16 लोग सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद अस्पताल पहुंचे। दानापुर में पांच साल के बच्चे और मसौढ़ी में नौ साल के बच्चे के हाथ में पटाखा फटने से गंभीर चोट आयी। वहीं, दीपक जलाने के दौरान एक महिला की साड़ी में आग लग गयी, जिससे वह झुलस गयी।
यह भी पढें: क्या BJP से नाराज चल रहे हैं नीतीश कुमार! धर्मेंद्र प्रधान के अचानक पटना पहुंचने से तेज हुई सियासी हलचल

जिले में 42 जगहों पर लगी आग, अपार्टमेंट से 30 लोगों का रेस्क्यू
दीपावली की रात पटना जिले में आग लगने की 42 घटनाएं दर्ज की गयीं। इनमें चार बड़ी और 38 छोटी घटनाएं शामिल थीं। जिला अग्निशमन पदाधिकारी अभिषेक कुमार के मुताबिक, 32 जगहों पर आतिशबाजी, दीपक और शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। इन घटनाओं में 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलने का अनुमान है। कंकड़बाग स्थित छह मंजिला विजय अमन अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर एक कंप्यूटर दुकान में आग लग गयी। इसके बाद दमकल कर्मियों ने लैडर की मदद से अपार्टमेंट में फंसे 30 बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। महेंद्रू में आग के दौरान सिलिंडर फटने से एक व्यक्ति घायल हुआ, जबकि पैजाबा के एक गोदाम में भी लाखों रुपये का सामान जल गया। डॉक्टरों ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें और जलने या गंभीर चोट लगने पर तुरंत अस्पताल पहुंचाएं। दीपावली के इन हादसों के बाद छठ पर्व पर भी सुरक्षा और सावधानी बरतने की जरूरत है।