logo

पटना में जमीन के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी, 25 हजार का इनामी मुशीर अहमद गिरफ्तार

पटना में जमीन के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी, 25 हजार का इनामी मुशीर अहमद गिरफ्तार

द फॉलोअप डेस्क:
पटना में जमीन दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये लेने और धोखाधड़ी के मामलों में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी मुशीर अहमद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली थाने की पुलिस ने पाटलिपुत्र के रोड नंबर तीन में छापेमारी कर उसे पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, मुशीर मूल रूप से सीवान के बड़हरिया थाना क्षेत्र के बडहैया का रहने वाला है। पटना में वह भिखना पहाड़ी स्थित चमन अपार्टमेंट में रहता था, लेकिन पुलिस की तलाश शुरू होने के बाद उसने ठिकाना बदल लिया था और पाटलिपुत्र इलाके में पहचान छिपाकर रह रहा था।

पार्टनर सुदामा सिंह पहले ही गिरफ्तार

मुशीर अहमद के साथ जमीन कारोबार में पार्टनर रहे सुदामा सिंह को पुलिस दो दिन पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस ने उसे बिहटा के लई चौक से पकड़ा था। सुदामा सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के धैनुकी गांव का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, मुशीर और सुदामा के खिलाफ जमीन दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे लेने और धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस की जांच के अनुसार, दोनों ने पटना के फ्रेजर रोड में **'कबीर कॉलोनाइजर एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड' नाम से रियल एस्टेट कंपनी बनाई थी। आरोप है कि कंपनी के जरिए लोगों को जमीन दिलाने का भरोसा देकर उनसे लाखों रुपये लिए गए। जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर पैसे लेने के बाद कथित धोखाधड़ी की शिकायतों पर कोतवाली थाने में जालसाजी और धोखाधड़ी के केस दर्ज किए गए।

मुशीर पर कई थानों में मामले दर्ज

पुलिस के मुताबिक, मुशीर अहमद के खिलाफ अकेले कोतवाली थाने में 10 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा नौबतपुर थाने में एक और कदमकुआं थाने में एक मामला दर्ज है। ये मामले 2021 से 2024 के बीच दर्ज किए गए थे। इनमें जमीन दिलाने के नाम पर रुपये लेने और धोखाधड़ी के आरोप शामिल हैं। जांच में नौबतपुर के चिरौररा गांव से जुड़ा एक मामला भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, कबीर कॉलोनाइजर एंड डेवलपर्स के जरिए 11 लाख रुपये प्रति कट्ठा की दर से आठ कट्ठा जमीन देने का वादा किया गया था। आरोप है कि इसके लिए दानापुर निवासी मीता देवी से करीब 83 लाख रुपये लिए गए। इसके अलावा भी कई अन्य लोगों से जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लेने की शिकायतें सामने आई हैं।

अब मुशीर से पूछताछ करेगी पुलिस

मुशीर अहमद के फरार होने के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। पाटलिपुत्र इलाके में उसके छिपकर रहने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने रोड नंबर तीन में छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पार्टनर सुदामा सिंह की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है। अब पुलिस मुशीर से पूछताछ कर जमीन के नाम पर कथित धोखाधड़ी से जुड़े मामलों और पैसों के लेनदेन की जांच आगे बढ़ा रही है।
 

Tags - Patna land fraud Patna land scam land fraud case Patna land cheating case Mushir Ahmed arrested