पटना
पटना के धनरुआ थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक निजी स्कूल के शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात सिगरामपुर गांव के पास हुई, जब बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने शिक्षक रामचंद्र यादव उर्फ गुरुजी (55) पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
रामचंद्र यादव, जो छाती पंचायत के वार्ड सदस्य महेश प्रसाद के भाई थे, पास के आश्रयपुर गांव में दूध देकर साइकिल से घर लौट रहे थे। तभी हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। छाती और पेट में गोली लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

पुलिस पर देरी का आरोप, ग्रामीणों का विरोध
हत्या की खबर के बावजूद पुलिस देर से घटनास्थल पर पहुंची। इससे नाराज ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया और शव को उठाने से पुलिस को रोक दिया। ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि गश्त की कमी के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
लोगों ने यह भी बताया कि करीब एक हफ्ते पहले अपराधियों ने इलाके में फायरिंग की थी, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। बढ़ते विरोध को देखते हुए पुलिस को शुरुआत में पीछे हटना पड़ा। बाद में डीएसपी और आसपास के थानों की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर शव को थाने लाया गया।
सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
