logo

पटना में 10 अगस्त को सुबह 7 बजे से बदलेगा ट्रैफिक रूट; जानें वैकल्पिक रास्ते और पार्किंग प्लान

Screenshot_2026-08-09_125516.jpg

पटना
पटना शहर में 10 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए हैं। यह पद यात्रा जे०पी० गोलम्बर से कारगिल चौक तक निकाली जाएगी, जिसमें भारी संख्या में आम लोगों के भाग लेने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए कल सुबह 7:00 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक विशेष मार्ग निर्देश जारी किए गए हैं। जिसमें कार्यक्रम के दौरान शहर के मुख्य मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही पर कई प्रतिबंध लागू रहेंगे। 
सामान्य वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध और वैकल्पिक मार्ग
फ्रेजर रोड (मज़हरुल हक पथ): डाकबगला चौराहा से गांधी मैदान (चिल्ड्रन पार्क) तक सुबह 7:00 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक सामान्य वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
न्यू डाकबगला रोड से एस०पी० वर्मा रोड: इस मार्ग में वाहनों का प्रवेश वर्जित किया गया है।
कोतवाली "टी" से पुलिस लाइन तक (बुद्ध मार्ग): पूरब की ओर जाने वाले सभी रास्ते बंद रहेंगे। वोल्टास मोड़ से उत्तर की ओर जाने वाले वाहन विद्यापति मार्ग/बुद्ध मार्ग होते हुए पुलिस लाइन तिराहा तक जा सकेंगे।
छज्जूबाग एवं आसपास: छज्जूबाग (SDO आवास) से टी०एन० बनर्जी रोड (जे०पी० गोलम्बर) की तरफ तथा बुद्ध मार्ग में छज्जूबाग मोड़ से SDO आवास की तरफ वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
जे०पी० गंगा पथ: आयुक्त कार्यालय के सामने जे०पी० गंगा पथ नीचे स्थित गोलम्बर से ए०एन० सिन्हा इंस्टीट्यूट/गांधी मैदान की ओर आने वाले फ्लैंक में केवल तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले आगुंतकों को ही आने की अनुमति होगी।
अन्य वैकल्पिक मार्ग की बात करें तो सामान्य निजी वाहन फ्रेजर रोड में पटना जंक्शन से डाकबंगला चौराहा तथा डाकबंगला से पूरब की ओर भट्टाचार्या चौक–पीरमुहानी होते हुए नाला रोड की ओर जा सकेंगे। यदि कोई वाहन एक्जीबिशन रोड में आता है, तो उसे स्मार्ट बिग बाजार के सामने कटिंग से वापस भट्टाचार्या चौक की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा। जे०पी० गोलम्बर–रामगुलाम चौक होते हुए कारगिल चौक तक के मार्ग में सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
VVIP सुरक्षा एवं विशेष VIP मार्ग व्यवस्था
मुख्यमंत्री, बिहार तथा उप मुख्यमंत्री, बिहार के कारकेड के लिए फ्रेजर रोड में डाकबंगला चौक (कविगुरु रविन्द्र चौक) से जे०पी० गोलम्बर (मौर्या होटल मोड़) तक का मार्ग विशेष रूप से आरक्षित रखा गया है। इसके अलावा, तिरंगा यात्रा में आमंत्रित महानुभावों के वाहन चालकों को निर्देश दिया गया है कि वे पार्किंग के बाद वाहन छोड़कर कहीं अन्य न जाएं और सुरक्षा कारणों से जांच के लिए वाहन के समीप अपनी उपस्थिति बनाए रखें।
मालवाहक एवं व्यावसायिक वाहनों का परिचालन मार्ग सुबह 07:00 बजे से
शहर में भारी मालवाहक और व्यावसायिक वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। चिरैयाटांड दुर्गा मंदिर के ऊपर/नीचे से उत्तर, गोरिया टोली की तरफ तथा बेली रोड में डुमरा चौकी से भट्टाचार्या चौराहा तक मालवाहक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। मीठापुर गोलम्बर से बुद्ध मार्ग तथा आर० ब्लॉक गोलम्बर से आयकर गोलम्बर की ओर मालवाहक वाहन नहीं जा सकेंगे। पुलिस लाइन तिराहा से कोई व्यावसायिक वाहन पूरब गांधी मैदान और दक्षिण बुद्ध मार्ग में नहीं आएगा; इन्हें पश्चिम अशोक राजपथ में डायवर्ट किया जाएगा। 
ऑटो और ई-रिक्शा के लिए मार्ग
ऑटो व ई-रिक्शा परिचालन: पटना जंक्शन से गांधी मैदान आने वाले ऑटो जंक्शन–डाकबंगला चौराहा से दाहिने मुड़कर न्यू डाकबगला रोड–भट्टाचार्या–एक्जीबिशन रोड होते हुए बिग बाजार से दक्षिण कटिंग तक आएंगे और वहां से वापस पटना जंक्शन लौटेंगे। पटना सिटी की ओर से आने वाले व्यावसायिक वाहन मुसल्लहपुर हाट, बारी पथ से खजांची रोड दक्षिणी तक आएंगे और वापसी में अशोक राजपथ होते हुए गायघाट की ओर निकलेंगे।
पार्किंग व्यवस्था एवं प्रवेश द्वार संबंधी निर्देश
कार्यक्रम में शामिल होने वाले और आम नागरिकों के लिए प्रवेश तथा पार्किंग के विशेष इंतजाम किए गए हैं
आम नागरिकों का प्रवेश: जनसाधारण/आम नागरिकों के प्रवेश की व्यवस्था गांधी मैदान के गेट नं०–01 एवं 13 से की गई है।
वीवीआईपी प्रवेश: गांधी मैदान का गेट नं०–12 माननीय मुख्यमंत्री, बिहार के प्रवेश हेतु आरक्षित रहेगा।
वाहन पार्किंग: कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों को गांधी मैदान गेट नं०–04 से प्रवेश कराकर निर्दिष्ट स्थलों पर पार्क कराया जाएगा।

Tags - Patna Tiranga Yatra Traffic Advisory Traffic Diversion Bihar News