logo

नालंदा : हत्या मामले को लेकर CM नीतीश के कार्यक्रम में लोगों ने किया हंगामा, मुख्यमंत्री के काफिले का किया घेराव

nitish_hangama.jpg

नालंदा:
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) आज नालंदा दौरे पर थे। वो रामभवन गांव में समाजसेवी स्वर्गीय रामबाबू के मूर्ति अनावरण कार्यक्रम (Rambabu's statue unveiling program) में शिरकत करने नालंदा गए थे। इस दौरान उनके कार्यक्रम में लोगों ने जमकर हंगामा किया है। बताया जा रहा है कि किसी प्रेम प्रसंग के मामले में एक हत्या हुई थी। इसे लेकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री का काफिला सड़क मार्ग पर पहुंचने के पहले मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क को जाम कर दिया। बता दें कि बीते दिन कुढ़नी में सीएम में कार्यक्रम में सीटीईटी (CTET) और बीटीईटी (BTET) शिक्षक अभ्यर्थियों ने जमकर बवाल किया था। उनकी मुख्यमंत्री के समर्थकों से झड़प भी हो गई थी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।

हत्या मामले में प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार 19 अक्टूबर को एकंगरसराय थाना इलाके के ओरियावां गांव में निर्मल कुमार भारतीय की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया था। इस हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला बताया जा रहा है। इसे लेकर थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी है। मगर अभी तक मामले में प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी है। लोगों का आरोप है कि स्थानीय पुलिस मामले पर ध्यान नहीं दे रही है। ऐसे में लोगों को नीतीश कुमार के आने की जब सूचना मिली को सीएम का ध्यान हत्या के इस मामले के प्रति आकृष्ट करने के लिए सैकड़ों ग्रामीण हाथ में पोस्टर बैनर लेकर पहुंच गए।

 

सुरक्षाबलों ने तुरंत संभाला मोरचा 
नालंदा के सराय प्रखंड के कोशियावां गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी कार्यक्रम में लोगों ने एक हत्या मामले में पुलिस की कार्यशैली पर आरोप लगाते हुए जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने डीएसपी की गाड़ी भी रोक दी। मामले में कार्रवाई की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि ग्रामीणों का विरोध बढ़ता देख सुरक्षाबलों ने तुरंत मोरचा संभाल लिया।  हंगामा के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का महौल हो गया है।