logo

पूर्णिया में बोले पीएम मोदी- सीमांचल को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा विकास, पूर्णिया से 36,000 करोड़ की सौगात

modi__.jpg

पूर्णिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बिहार के पूर्णिया में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सीमांचल क्षेत्र अब विकास की नई ऊंचाइयों पर जाएगा। उन्होंने पूर्णिया एयरपोर्ट के इंटरिम टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन किया और 36,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया।

पीएम मोदी ने सबसे पहले अपनी देरी के लिए माफी मांगी और जनता का आभार जताते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोग धैर्य के साथ डटे रहे, यह उनका आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि पूर्णिया एयरपोर्ट से जल्द वाणिज्यिक उड़ानें शुरू होंगी, जिससे व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

प्रधानमंत्री ने रेलवे परियोजनाओं की सौगात दी, जिनमें जोगबनी-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस, जोगबनी-एरोड वीकली एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके साथ ही 2,680 करोड़ रुपये की लागत से कोसी-मेची रिवर लिंक प्रोजेक्ट का पहला चरण शुरू किया गया, जिससे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को राहत मिलेगी।

उन्होंने राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की घोषणा की, जिससे किसानों को उत्पादन, प्रोसेसिंग और निर्यात में मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 35,000 ग्रामीण और 5,920 शहरी लाभार्थियों को गृह प्रवेश का तोहफा दिया गया। पीएम मोदी ने कुछ लाभार्थियों को घर की चाबियां भी सौंपीं और कहा कि जब तक हर जरूरतमंद को पक्का घर नहीं मिल जाता, तब तक मोदी रुकेगा नहीं।

अपने संबोधन में उन्होंने बिहार की प्रगति और गरीबी उन्मूलन पर जोर दिया। डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुफ्त राशन, शिक्षा, सड़क और आवास योजनाओं का जिक्र किया। साथ ही विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि 50 साल तक सत्ता में रहने के बावजूद उन्होंने बिहार को ठगा। घुसपैठ और जनसांख्यिकी बदलने की साजिश रोकने का आश्वासन भी दिया।

करीब 5 लाख लोगों की मौजूदगी वाली इस जनसभा को पीएम मोदी ने बिहार की एकता और जनता के आशीर्वाद का प्रतीक बताया और कहा कि सीमांचल के लिए आज विकास का नया पिटारा खोला गया है।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Bihar Update Bihar Khabar Bihar Trending News PM Narendra Modi Narendra Modi Purnia News Purnia Latest News Nitish Kumar News Nitish Kumar Latest News BJP News NDA News