logo

मुजफ्फरपुर में PM मोदी ने विपक्ष को घेरा,बोले- राजद-कांग्रेस ने किया छठी मैया का अपमान; बिहार भूलेगा नहीं

pm_n_modi_.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच प्रधानमंत्री मोदी एक बार फिर बिहार दौरे पर हैं। वे इस बार बिहार में दो जगहों पर जनसभा को संबोधित करने पहुंचे हैं। पहली जनसभा में मुजफ्फरपुर के मोतीपुर पहुंचे। उन्होंने इस दौरान छठ महापर्व की बात करते हुए विपक्ष को घेरा है। इस दौरान उन्होंने कहा "हम छठ महापर्व को मानवता का पर्व मानते हैं और इसे UNESCO की विश्व विरासत सूची में शामिल कराने की लगातार कोशिश कर रहे हैं। यह हर बिहारी और हर भारतीय के लिए गर्व की बात होगी।”
उन्होंने राजद और कांग्रेस को घेरते हुए कहा “आपने देखा है कि आपका ये बेटा छठी मइया की जय-जयकार पूरी दुनिया में करा रहा है। लेकिन कांग्रेस और RJD के लोग छठी मइया का अपमान कर रहे हैं। क्या कोई सिर्फ वोट पाने के लिए छठी मइया का अपमान कर सकता है? क्या बिहार, हिंदुस्तान और वो माताएं जो निर्जला व्रत रखती हैं, ऐसा अपमान बर्दाश्त करेंगी?” उन्होंने आगे कहा “RJD और कांग्रेस के नेता बेशर्मी से कह रहे हैं कि छठ पूजा एक नौटंकी है, एक ड्रामा है। क्या ऐसे लोगों को सजा नहीं मिलनी चाहिए? जो महिलाएं बिना पानी के इतना लंबा व्रत रखती हैं, जो गंगा जी में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देती हैं, RJD और कांग्रेस के नेताओं की नजर में वो सब ड्रामा करती हैं। क्या बिहार की माताएं और बहनें छठी मईया का ये अपमान सहेंगी? मुझे पूरा भरोसा है कि बिहार का कोई भी व्यक्ति इस अपमान को कभी नहीं भूलेगा।”
PM मोदी ने विकास पर बात करते हुए कहा, “NDA और बीजेपी की सबसे बड़ी प्राथमिकता बिहार का विकास है। बिहार की मीठी बोली, यहां की संस्कृति और गौरव को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। जब भारत ज्ञान, विज्ञान और अर्थव्यवस्था में सबसे आगे था, तब उसमें बिहार की बहुत बड़ी भूमिका थी। इसलिए आज जब हम विकसित भारत बना रहे हैं, तो बिहार का विकसित होना बहुत जरूरी है।”
वहीं उन्होंने राजद और कांग्रेस को 5 नामों की पहचान बताते हुए कहा कि "RJD और कांग्रेस बिहार को कभी विकसित नहीं बना सकतीं। इन पार्टियों ने वर्षों तक बिहार पर राज किया, लेकिन लोगों को सिर्फ धोखा और विश्वासघात ही दिया। RJD और कांग्रेस की पहचान पांच चीजों से होती है, कट्टा (हिंसा), क्रूरता, कटुता (नफरत), कुशासन (बदइंतजामी) और करप्शन (भ्रष्टाचार)।"
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि "बिहार को आगे बढ़ाने के लिए उद्यम और उद्योग जरूरी हैं। उद्योग के लिए जमीन, बिजली, बेहतर कनेक्टिविटी और कानून का राज होना चाहिए।" उन्होंने सवाल उठाया, “जिनका इतिहास जमीन कब्जाने का रहा है, वो किसी उद्योग को जमीन देंगे क्या? जिन्होंने बिहार को लालटेन युग में रखा, वो बिजली दे पाएंगे क्या? जिन्होंने रेल को लूटा, वो कनेक्टिविटी बढ़ाएंगे क्या? और जिन्होंने भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड तोड़े, वो कानून का राज ला सकते हैं क्या?” प्रधानमंत्री ने कहा कि "बिहार ने भाजपा और एनडीए का सुशासन देखा है। आज बिहार में रेल के इंजन बन रहे हैं, डेयरी के बड़े-बड़े प्लांट लग रहे हैं और मखाना अब पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है।"

Tags - bihar news bihar latest news bihar khabar bihar update bihar election bihar politics news BJP news PM narendra modi muzaffarpur news