द फॉलोअप डेस्क
बिहार में साइबर अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है। पटना के एक डॉक्टर दंपति को इस बार साइबर ठगों ने अपना शिकार बनाया है। साइबर अपराधियों ने डॉक्टर दंपति को पूरे 12 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट करके 2 करोड़ रुपए ठग लिए हैं। बता दें कि साइबर अपराधियों ने पटना के PMCH के रिटायर्ड डॉक्टर मोहन प्रसाद और उनकी पत्नी जो कि डॉक्टर हैं, को 21 मई को डिजिटल अरेस्ट कर रखा था।
बीते 21 मई को डॉक्टर को एक अनजाने नंबर से कॉल आया था और उसने खुद को CBI का अधिकारी बताया और कहा कि मुंबई में उनके खिलाफ एक केस दर्ज हुआ है। उसके बाद अपराधियों ने डॉक्टर दंपति से मुंबई आने को कहा जिस पर उन्होंने मना कर दिया। उसके बाद अपराधियों ने उस दंपति को दूसरा नंबर देकर कॉल करने को कहा। जब दंपति ने कॉल किया तो शख्स ने खुद को पुलिस अधिकारी बताया और डॉक्टर के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज होने की बात की।
साइबर अपराधियों के लगातार कॉल से पति पत्नी डर कर झांसे में आ गए। अपराधियों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए डॉक्टर से 2 करोड़ रुपये वसूल लिए। बाद में जब डॉक्टर दंपति को शक हुआ तो वे थाना पहुंचे और घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी।