द फॉलोअप डेस्क
राजधानी पटना की मेयर सीता साहू के आवास पर आधी रात को कई थानों की पुलिस एक साथ पहुंच गई और घर को चारों ओर से घेर कर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने यह कार्रवाई रात के करिब 1:30 बजे की जिससे इलाके में हडकंप मच गया। पुलिस की यह कार्रवाई पटना नगर निगम के हाल में हुई एक बैठक में हुए विवाद से जुड़ी बताई जा रही है। विवाद के बाद यह आरोप लगाया गया है कि बैठक के दौरान मेयर के बेटे शिशिर कुमार ने एक पार्षद के साथ मारपीट और गाली गलौज की। और इसी सिलसिले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मेयर के घर पर छापेमारी की है। 
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आस पास के लोगों ने नाराजगी जाहिर करते हुए जमकर विरोध और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे के साथ सड़क जाम कर धरने पर बैठ गये। जिसके बाद स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बुलाई गई। 
जानकारी के लिए बता दें कि नगर निगम की बैठक के दौरान मेयर के बेटे शिशिर कुमार भी पहुंचे थे जिसकी एक पार्षद से तीखी बहस छिड़ गई। और बाद में वह बहस मारपीट में बदल गई। घटना के बाद पार्षद ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मेयर के घर छापेमारी शुरू कर दी। इस घटना को लेकर मेयर सीता साहू और उनके बेटे का अब तक कोई बयान नही आया है।