logo

I.N.D.I.A पर प्रशांत किशोर का तंज, बोले- बड़े नेताओं के साथ बैठने से नहीं बनता गठबंधन

a1052.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, बिहार:

जन सुराज पदयात्रा के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने I.N.D.I.A गठबंधन और नीतीश कुमार की भूमिका पर कहा कि I.N.D.I.A गठबंधन ने कोई अपना मिनिमम कॉमन प्रोग्राम शुरू नहीं किया है जिसे जनता समझ पाए। यही वजह है नीतीश कुमार पहले कह रहे थे कि कांग्रेस सीरियस नहीं है। अखिलेश यादव ने इससे पहले मध्य प्रदेश की घटनाओं पर अपनी राय रखी थी। चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आएगा ये विरोधाभास आपको और अधिक देखने को मिलेगा। आप बिना किसी नैरेटिव के, बिना किसी विचारधारा के, बिना किसी कार्यक्रम के आप अलग-अलग दलों के नेताओं को एकसाथ बैठा देंगे। 

नेताओं के साथ बैठने से गठबंधन नहीं बनता
प्रशांत किशोर ने कहा कि नेता या दल एक साथ चाय पी सकते हैं, नाश्ता कर सकते हैं, इसके बाद प्रेसवार्ता भी कर सकते हैं, लेकिन उससे जमीन पर कोई असर नहीं हो सकता है। प्रशांत किशोर ने कहा कि मैं पिछले 2 साल से देख रहा हूं कि नेताओं के साथ बैठ जाने भर से गठबंधन की ताकत नहीं बनती। यदि आपके पास नैरेटिव नहीं है और जमीन से जुड़ा मुद्दा नहीं है तो राजनीतिक सफलता नहीं मिल सकती। गौरतलब है कि प्रशांत किशोर इन दिनों तेजस्वी यादव और नीतीश कुमार पर खासे हमलावर हैं। 

इंडिया गठबंधन में आपस में जारी है खींचतान
पत्रकारों से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि I.N.D.I.A में जो आपस में खींचतान दिख रही है वो तो होनी ही है। अलग-अलग जो ईंट होती है, उसे जोड़ने के लिए सीमेंट चाहिए होता है नहीं तो अगर ईंट के ऊपर ईंट रखीं जाए तो भर भराकर गिर जाया करती है। नेता भी ठीक वैसे ही सीमेंट के जैसा काम करता है जो इनको जोड़कर रखता है। I.N.D.I.A जो गठबंधन बना है उसमें पिछले 4 महीने से इनकी उपलब्धि क्या है? पिछले 4 महीनों में ये दल 3 बार मिले हैं और अपना नाम UPA से बदल कर I.N.D.I.A कर दिया है। इसके बाद इन गठबंधन ने कोई अपना कार्यक्रम घोषित नहीं किया और न ही कोई जमीन पर कार्यक्रम किया, न किसी नेता के बारे में ऐलान किया और न कोई कमेटी बनाई, न कोई जनमानस के मुद्दे पर आंदोलन शुरू किया, तो अभी तो स्थिति यही है। आगे कुछ इस पर करेंगे तो तीखा टिप्पणी की जाएगी।