logo

राहुल गांधी का PM पर पलटवार, बोले- ये लोग अडानी-अंबानी को देश का सारा हिस्सा देने के लिए करते हैं चुनाव में हेराफेरी

RAHUL0122.jpg

द फॉलोअप डेस्क

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बाद अब दूसरे चरण के लिए सभी राजनीतिक पार्टियाँ लगातार प्रचार करने में जुटी है। इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को भागलपुर में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए निशाना साधा है। 
उन्होंने इस दौरान कहा "नरेंद्र मोदी और अमित शाह कई साल से वोट चोरी कर रहे हैं। पहले हमारे पास वोट चोरी के सबूत नहीं थे, इसलिए हमने कुछ नहीं कहा, लेकिन अब हमारे पास आंकड़ों के साथ सारे ब्लैक एंड वाइट सबूत हैं। नरेंद्र मोदी, अमित शाह और भारतीय चुनाव आयोग ने मिलकर हरियाणा, महाराष्ट्र के विधानसभा चुनावों के साथ लोकसभा चुनावों में भी चोरी की थी, अब इनकी नजर बिहार पर है, लेकिन बिहार की जनता, बिहार का Gen-Z यह चुनाव चोरी नहीं होने देगा।"
राहुल गांधी ने इस दौरान मोदी को लपेटे में लेते हुए कहा, "आखिर मोदी वोट चोरी क्यों करते हैं? इसलिए करते हैं ताकि अडानी, अंबानी को देश का सारा हिस्सा दिया जा सके। मोदी ने अडानी-अंबानी को सस्ते में जमीन दे दी। मोदी कहते हैं कि हमने डाटा इतना सस्ता कर दिया कि अब आप सब रील बना रहे हैं। तो मैं पूछना चाहता हूं कि क्या रील से आपके पास पैसा आता है क्या? यह रील में सब अंबानी का हिस्सा है, इससे उसके पास पैसा जाता है।"
उन्होंने कहा, "रील नए जमाने का नशा है, जिससे आपका ध्यान भटकाया जा रहा है। इसके जरिए मोदी चाहते हैं कि आपको रोजगार ना मिले, शिक्षा ना मिले और आप बेरोजगारी, शिक्षा, अस्पताल जैसे मुद्दों पर सवाल न पूछ पाएं। बल्कि सच्चाई ये है कि जब आप रील देखते हैं, तो उसका फायदा आपको नहीं मिलता। आपके रील देखने से पैसा अंबानी की जेब में जाता है। बैंक आपको लोन नहीं देता, लेकिन अडानी-अंबानी को जितना मर्जी लोन दे देता है। मोदी ने बिहार की जनता को केवल मजदूर बना दिया है।"
 

Tags - bihar news bihar latest news bihar khabar bihar update bihar election bihar politics news bihar vidhansabha election news rahul gandhi news rahul gandhi update bhagalpur news