रांची
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की अगुवाई में चल रही वोटर अधिकार यात्रा रविवार को पूर्णिया पहुँची। इस मौके पर राहुल गांधी का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला, जब वे सड़कों पर बुलेट मोटरसाइकिल चलाते नजर आए। कांग्रेस पार्टी ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया है, जिसमें राहुल गांधी के पीछे बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम बैठे दिख रहे हैं।
.jpeg)
राहुल गांधी को बाइक पर देखकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं, ऐसे में सभी प्रमुख दलों की सक्रियता बढ़ गई है। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर महीने बिहार का दौरा कर रहे हैं, वहीं राहुल गांधी वोटर अधिकार यात्रा के बहाने राज्य में जमीनी स्तर पर जनसंपर्क कर रहे हैं। इस यात्रा में उनके साथ तेजस्वी यादव, जो इंडिया गठबंधन की को-ऑर्डिनेशन कमेटी के चेयरमैन हैं, बराबरी से जुड़े हुए हैं। रविवार को यात्रा पूर्णिया और अररिया जिलों में हो रही है।

पूर्णिया में राहुल गांधी के बाइक राइडर अवतार ने पार्टी कार्यकर्ताओं का जोश दोगुना कर दिया। इससे पहले तेजस्वी यादव को राहुल गांधी की जीप चलाते हुए देखा गया था, लेकिन इस बार राहुल ने खुद वाहन की कमान संभाली और राजेश राम को पीछे बिठाकर लोगों के बीच निकले। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राहुल गांधी जनता से सीधा जुड़ाव बनाने के लिए खुद को आम आदमी की तरह पेश कर रहे हैं।
शनिवार को भी राहुल गांधी का एक और सादगी भरा रूप सामने आया जब वे अपने जूते उतारकर पानी से भरे खेतों में मखाना किसानों से मिलने पहुंचे। उन्होंने अपनी पैंट घुटनों तक मोड़ ली और सीधे किसानों के बीच जाकर उनकी बातें सुनीं। गेड़ाबाड़ी के पास एनएच-31 से गुजरते हुए उन्होंने मखाना की खेती देखी और अजय भगत की मखाना फोड़ी के पास रुककर दरभंगा व मधुबनी से आए श्रमिकों और व्यापारियों की समस्याएं जानीं।
