द फॉलोअप डेस्क
पटना के हाथीदह जंक्शन पर साउथ बिहार एक्सप्रेस में रेलवे पुलिस ने गांजा तस्करी की बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया है। दरअसल रेलवे पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कोच अटेंडेंट राकेश कुमार को रंगे हाथ पकड़ा है। मिली जानकारी के अनुसार राकेश कुमार के पास से बेड रोल में छिपाए गए 3 किलो गांजा बरामद किया गया। वहीं पूछताछ में राकेश ने अपने साथी रोहित कुमार का भी नाम बताया, जिसे पुलिस ने तुरंत हाथीदह जंक्शन से गिरफ्तार कर लिया। रोहित के पास से भी 6 किलो गांजा बरामद किया गया है। दोनों आरोपी पटना के अथमलगोला के निवासी हैं।
हाथीदह थानाध्यक्ष मनोज कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उन्होंने ट्रेन के कोच की तलाशी ली थी, जहां बेड रोल में गांजा छिपाया गया था। रेल एसपी ने बताया कि यह तस्करी नेटवर्क ट्रेन के कोच और स्टेशनों के जरिए गांजा सप्लाई करता था। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने बिहार मे ट्रेनों के जरिए होने वाली विभिन्न तस्करी पर नकेल कसने के लिए ठोस जांच अभियान की योजना बनाई है। वहीं सभी रेलखंडों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। यात्रियों से भी गुजारिश की गई है कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो इसकी सूचना तुरंत जीआरपी या आरपीएफ को दें। या जीआरपी हेल्पलाइन नंबर 1512 या बिहार पुलिस हेल्पलाइन 100 पर संपर्क करें।