पटना
बिहार सरकार ने भूमि मालिकों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। राज्य में 16 अगस्त 2025 से राजस्व महा अभियान की शुरुआत हो चुकी है, जिसके तहत जमीन से जुड़े दस्तावेजों में सुधार और ऑनलाइन अद्यतन का कार्य व्यापक स्तर पर किया जाएगा। जिन जमीन मालिकों के कागजातों में गड़बड़ी है – जैसे खाता, खेसरा, रकबा, जमाबंदी या अन्य त्रुटियां – वे इस अभियान के तहत आसानी से उन्हें ठीक करवा सकते हैं।
यह विशेष अभियान 20 सितंबर 2025 तक चलाया जाएगा।
क्या होगा इस अभियान में?
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से बताया गया है कि इस अभियान के दौरान विभाग की टीमें हर पंचायत में जाकर घर-घर प्रपत्र वितरित करेंगी, और फिर गांवों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में लोग अपने भूमि संबंधी कागजातों की गलतियों को सुधारने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

प्रमुख गतिविधियां और तिथियां:
• प्रपत्र वितरण: 16 अगस्त से 15 सितंबर 2025 तक
• शिविर आयोजन: 19 अगस्त से 20 सितंबर 2025 तक
• हर पंचायत सरकार भवन या अन्य सरकारी स्थल पर हल्कावार शिविर आयोजित होंगे
• प्रत्येक हल्का क्षेत्र में कम से कम दो बार शिविर लगाए जाएंगे
• लोगों को आवेदन भरने और दस्तावेज तैयार करने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा

किन गलतियों को ठीक कराया जा सकता है?
• नाम, खाता, खेसरा, रकबा, लगान आदि में त्रुटियों का सुधार
• छूटी हुई जानकारी को कागजातों में जोड़वाना
• मृत पूर्वजों के नाम से जमीन का नामांतरण (उत्तराधिकारी के नाम)
• पुश्तैनी जमीन के बंटवारे की अलग-अलग जमाबंदी (आपसी सहमति या कोर्ट आदेश के आधार पर)
• ऑफलाइन जमाबंदी को ऑनलाइन डिजिटाइजेशन में शामिल कराना
जानकारी और सहायता कहां से लें?
आपके क्षेत्र (जिला, प्रखंड, पंचायत) में शिविर कब लगेगा – इसकी जानकारी मुखिया, सरपंच, सचिव या वार्ड सदस्य से प्राप्त की जा सकती है। साथ ही, सभी जानकारी और प्रपत्र बिहार भूमि पोर्टल (http://biharbhumi.bihar.gov.in) पर भी उपलब्ध हैं।
