पटना
बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने अपनी राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने इस बार की टीम में संगठनात्मक संतुलन और सामाजिक प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता दी है।
नई टीम में चार नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री और लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी शामिल हैं। इसके अलावा, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, महबूब अली कैसर और उदय नारायण चौधरी को भी यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

लालू यादव ने इस टीम के जरिए विभिन्न सामाजिक वर्गों को साधने की रणनीति अपनाई है। चारों राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में एक यादव समुदाय से, दूसरा सवर्ण (राजपूत) वर्ग से, तीसरा मुस्लिम समाज से और चौथा दलित वर्ग से आता है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी को राष्ट्रीय प्रधान महासचिव बनाया गया है। वहीं, सुनील कुमार सिंह को एक बार फिर पार्टी का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नई टीम में कुल 12 राष्ट्रीय महासचिव और 10 सचिवों को भी शामिल किया गया है।
