logo

RJD नेता के बेटे की संदिग्ध मौत, घर के पीछे पड़ा मिला शव; हत्या की आशंका

deadbodyyyy2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव के बीच सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर से राजद नेता के बेटे का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। राजद नेता सुरेंद्र यादव के इकलौते 17 वर्षीय बेटे प्रीतम कुमार का शव घर के पीछे हैंडपंप और बाथरूम के पास संदिग्ध हालत में मिला है। 
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात खाना खाने के बाद पूरा परिवार सो गया। प्रीतम भी अपने कमरे में सोने चला गया। लेकिन रविवार सुबह करीब 5 बजे मां नूतन देवी जब पानी लेने हैंडपंप के पास गई तो देखा कि उनका बेटा जमीन पर पड़ा है और मुंह से झाग निकल रहा है। उन्होंने बताया कि शरीर भी ठंडा हो चुका था। जिसके बाद मां की चीखें निकल गई। चीख सुनकर पड़ोसी वहां पहुंचे और आनन-फानन में प्रीतम को अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। 
वहीं मृतक के पिता ने बताया कि प्रीतम कुमार इंटरमीडिएट का छात्र था और पढ़ाई के साथ-साथ पिता के राजनीतिक कार्यक्रमों में सक्रिय रहता था। गांव के लोगों ने बताया कि वह काफी शांत स्वभाव का लड़का था। लेकिन उसकी अचानक हुए मौत ने पूरे इलाके में मातम फैला दिया है। 
मामले को लेकर सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। और कहा, "शव घर के अंदरूनी हिस्से में मिला है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। शव को सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया गया है।"
 

Tags - bihar news bihar latest news bihar khabar bihar update bihar election news saharsa news saharsa khabar saharsa update crime news saharsa crime news