द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो चुकी है। सत्ता और विपक्ष दोनों पार्टियां अपने बयानों को लेकर चर्चा में है। इसी बीच RJD के MLC ने एक विवादित बयान दे दिया है। दरअसल RJD की विधान परिषद सदस्य उर्मिला ठाकुर ने एक पब्लिक मंच से RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तुलना भगवान शिव से करते हुए उन्हें कलयुग का भगवान कह दिया है। इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर अब तेजी से वायरल हो रहा है। जिसके बाद संभव है कि लोगों की तीखी प्रतिक्रिया झेलनी पड़ सकती है। 
MLC उर्मिला ठाकुर ने अपने भाषण में लालू यादव की तुलना केवल भगवान शिव ही नहीं बल्कि भीष्म पितामह, भगवान श्रीकृष्ण और भगवान राम जैसे हिन्दू देवताओं से कर दी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह इन महान चरित्रों की कोई जगह नहीं ले सकता, वैसे ही लालू यादव का भी स्थान कोई नहीं ले सकता।
उर्मिला ने अपने भाषण में कहा शिव की उदारता और समरसता की मिशाल देते हुए लालू को गरीबों का रक्षक बता दिया। उन्होंने कहा कि "शिव गरीबों का देवता है। उनकी सवारी बसहा है और सतह में बाघ भी। बाघ बसहा को नहीं खाता क्योंकि शिव का संसार समरसता का प्रतीक है। वैसे ही लालू यादव भी गरीबों और वंचितों को जोड़ने वाले देवतुल्य नेता है"। इस बयान के बाद राजनीतिक सियासत में बहस होनी शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे आस्था और राजनीति के खतरनाक मेल की संज्ञा दे रहे हैं। 
बता दें कि उर्मिला ठाकुर बेगूसराय से हैं और काफी लंबे समय से RJD से जुड़ी हुई हैं। वर्तमान में वो विधान परिषद में पार्टी का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।