logo

छठ घाट पर लालू औऱ तेजस्वी यादव की प्रतिमा लगाकर RJD कार्यकर्ता ने की पूजा-अर्चना 

LALU_Y.jpeg

हाजीपुर 

बिहार के वैशाली में एक राजद कार्यकर्ता ने छठ पर्व में विचित्र तरीके से आस्था प्रकट की है। जिले के भगवानपुर में राजद कार्यकर्ता ने छठ घाट के पास तेजस्वी औऱ लालू यादव की प्रतिमा बनाकर पूजा-अर्चना की। इसकी पूरे जिले में चर्चा हो रही है। यही नहीं, राजद कार्यकर्ता ने छठ घाट का नाम तेजस्वी यादव घाट रखा है। इसी के साथ उन्होंने छठ मईया से तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए कामना की है। राजद कार्यकर्ता का ये कारनामा लोक आस्था के पर्व के दूसरे दिन खरना पूजा के समय सामने आया है। लालू औऱ तेजस्वी की इस प्रतिमा को सोशल मीडिया पर खूब वायरल किया जा रहा है। राजद कार्यकर्ता का नाम केदार यादव है। 

ये बताया कारण 
इस बाबत केदार यादव ने कहा कि लालू यादव ने बिहार के पिछड़ों के विकास के लिए जो भी किया है, वो कोई और नहीं कर सकता। इसलिए लालू के प्रति उनकी अपार श्रद्धा है। इसी तरह तेजस्वी यादव के बारे में उन्होंने कहा कि उन्होंने बिहार के बेरोजगारों को रोजगार दिया है। छठ मईया से ये प्रार्थना की है कि तेजस्वी यादव को बिहार का मुख्यमंत्री बनाया जाये। इससे राज्य का चौतरफा विकास होगा। केदार ने कहा कि इसीलिए उन्होंने खरना के दिन छठ मईया की खास पूजा की है। 

बदल चुके हैं चौक का नाम 
बता दें कि भगवानपुर के रहने वाले केदार यादव आये दिन किसी न किसी कारण से सुर्खियों में बने रहते हैं। पिछली बार वे तब सुर्खियों में आये, जब उन्होंने उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का जन्मदिन जेसीबी मशीन पर मनाया था। उन्होंने जेसीबी पर ही तेजस्वी यादव के नाम से केक काटा था। इस मौके पर उन्होंने पूरे गांव को आमंत्रित किया था। यही नहीं, केदार यादव ने भगवानपुर चौक का नाम भी तेजस्वी यादव चौक रखा था। इसके लिए उन्होंने बकायदा एनएच पर तेजस्वी यादव के नाम का बड़ा सा बोर्ड भी लगा दिया था।