logo

सासाराम रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, खड़ी ट्रेन में लगी आग, मजदूरों की बहादुरी से पाया काबू 

train_fire.jpg

सासाराम

बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया, जब सासाराम–पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी में अचानक आग लग गई। यह घटना प्लेटफार्म संख्या 6 पर उस समय हुई जब ट्रेन स्टेशन पर खड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन की पांचवीं बोगी के शौचालय से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया। शुरुआत में यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों को स्थिति का अंदाजा नहीं लगा, लेकिन कुछ ही पलों में धुआं तेज आग में तब्दील हो गया और पूरी बोगी आग की लपटों में घिर गई।

प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया

आग लगते ही प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान रैक प्वाइंट पर काम करने वाले मजदूर तुरंत मौके पर पहुंचे। बिना समय गंवाए उन्होंने स्टेशन पर लगे वाटर हाइड्रेंट सिस्टम को चालू किया और पाइप के जरिए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। मजदूरों की त्वरित प्रयास से आग को अन्य बोगियों तक फैलने से रोक दिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि तब तक पांचवीं बोगी पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। आग की आंच से चौथी बोगी का पिछला हिस्सा भी आंशिक रूप से प्रभावित हुआ। स्थिति बिगड़ने से पहले प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया।

यात्री मौजूद नहीं थे

वहीं रेलवे ने पुष्टि की है कि इस घटना में किसी यात्री या कर्मचारी को कुछ भी दिक्कत नहीं हुई। जिस कोच में आग लगी थी, उसमें उस समय कोई यात्री मौजूद नहीं थे, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रेन रातभर प्लेटफार्म पर खड़ी रहती है, और सुबह आसपास के लोग शौचालय का उपयोग करने पहुंच जाते हैं। प्रारंभिक आशंका है कि किसी ने बीड़ी या सिगरेट का जलता टुकड़ा फेंका हो, जिससे आग लग सकती है। हालांकि रेलवे प्रशासन ने अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने की बात कही है और घटना की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।

लापरवाही, तकनीकी खराबी या कोई अन्य कारण

इधर, घटना की सूचना मिलते ही East Central Railway के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही रेलवे सुरक्षा बल और बिहार पुलिस की FSL टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। जांच पूरी होने के बाद प्रभावित ट्रेन को पटना के लिए रवाना कर दिया गया। फिलहाल इस घटना को लेकर सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर है, जो यह स्पष्ट करेगी कि आग लगने की असली वजह क्या थी। लापरवाही, तकनीकी खराबी या कोई अन्य कारण।

Tags - Sasaram Railway Station Sasaram-Patna Fast Passenger Train train fire incident railway safety concerns Indian Railways