पटना
बिहार के पटना जिले के मसौढ़ी अनुमंडल स्थित तारेगना डीह मोहल्ले की रहने वाली सविता देवी को इस बार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विशेष आमंत्रण भेजा है। वह 15 अगस्त की शाम राष्ट्रपति भवन में आयोजित डिनर समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। सविता देवी प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की लाभार्थियों में शामिल हैं, और उन्हें बिहार राज्य से इस योजना की प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में चुना गया है।
सविता देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 के अंतर्गत अपने सपनों का स्थायी घर तैयार किया है। इसके साथ ही वे मसौढ़ी नगर परिषद क्षेत्र में दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) के अंतर्गत सामुदायिक संसाधन व्यक्ति (CRP) के रूप में कार्यरत हैं।

जब उन्हें राष्ट्रपति भवन से आधिकारिक निमंत्रण पत्र मिला, तो उनके मोहल्ले में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजन, मोहल्लेवासी और नगर परिषद के अधिकारी उन्हें लगातार शुभकामनाएं दे रहे हैं। सविता देवी ने इस अवसर को जीवन का गौरवपूर्ण पल बताते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति से मिलने और उनके साथ डिनर कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिलना उनके लिए अत्यंत सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे मोहल्ले की खुशी बन गई है।
गौरतलब है कि 2015 में शुरू की गई प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में गरीब और निम्न-आय वर्ग के परिवारों को आवास सुविधा मुहैया कराना है। इस योजना के तहत स्वयं की जमीन पर घर बनाने वालों को 2.5 लाख रुपये तक की सहायता दी जाती है। वहीं, जिनके पास जमीन नहीं है, उन्हें बिल्डरों के सहयोग से आवास उपलब्ध कराया जाता है। इसके अतिरिक्त होम लोन पर 1.80 लाख रुपये की सब्सिडी भी प्रदान की जाती है।
