द फॉलोअप डेस्क
बिहार के मधेपुरा में एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रविवार देर रात की है। मृतकों की पहचान सूर्य नारायण साह, उनकी पत्नी अनीता देवी और बेटा प्रद्युम्न साह है। तीनों को सिर में गोली मारी गई है। हत्या की वजह का पता अभी चल पाया है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर एसपी,एसएसपी और कोसी रेंज के डीआईजी पहुंच गए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

सूर्य नारायण साह का बड़े भाई से चल रहा था विवाद
घटना को लेकर मिली जानकारी के अनुसार सूर्य नारायण साह का उनके बड़े भाई रामनारायण साह से जमीन विवाद चल रहा था। इसे लेकर दोनों पक्षों में कई बार मारपीट में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जमीन विवाद का यह मामला कोर्ट तक पहुंच चुका है। वहीं स्थानीय लोगों ने यह भी बताया है कि मृतक सूर्यनारायण के दो बेटे हैं। बड़े बेटे का नाम सुशील है वहीं छोटे का नाम प्रद्युम्न साह है। सुशील ने दो शादी की थी। वहीं दूसरे बेटे ने तीन शादी की है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि इस कारण भी गोली चलाई गई है। सूर्यनारायण की बेटी ने बताया कि उसके बड़े पापा से उनका जमीनी विवाद चल रहा था। उनके परिवार के कोई भी लोग हत्या के बाद देखने के लिए भी नहीं आए। घटना की जांच के लिए पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है।

एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम घटनास्थल पर मौजूद
मामले की जानकारी देते हुए एसपी राजेश कुमार ने बताया कि हत्या के मामले में पुलिस जांच कर रही है। हत्या को लेकर कई सारी बातें कही जा रही है, कई एंगल है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया गया है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।