छपरा:
लोकनायक जयप्रकाश नारायण (JP Narayan) की जयंती पर आज गृहमंत्री अमित शाह उनके गांव सिताब दियारा (Sitab Diara) पहुंचे। इस दौरान लोकनायक की आदमकद प्रतिमा का अनावरण (Life sized statue of Lok Nayak unveiled) किया। उसके बाद उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित किया। जिसमें अमित शाह ने नीतीश-लालू (Nitish-Lalu) पर जमकर निशाना साधा।

सत्ता के लिए पाला बदलने वाले लोग सीएम बनकर बैठे हैं
अमित शाह ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों हाथ ऊपर उठाकर कर जोर से कहिए कि भारत माता की जय, ये नारा उन लोगों के हृदय तक जाए जो कांग्रेस की गोद में बैठ गए हैं। उन्होंने सीएम नीतीश पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के लिए पाला बदलने वाले लोग सीएम बनकर बैठे हैं। जनता को तय करना है कि जेपी के रास्ते से भटककर सत्ता के लिए जनाधार को ठुकराने वालों का साथ देना है या जेपी के सपनों को पूरा करने के लिए काम करने वालों का।
14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का किया अनावरण
शाह ने लोकनायक की 14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। अमित शाह ने कहा कि ये जो आदमकद प्रतिमा लगाई गई है उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय कैबिनेट से इसे पास करके राष्ट्रीय स्मारक की नींव रखी थी। उन्होंने आगे कहा कि मैं गुजरात से आता हूं और गुजरात से इंदिरा गांधी का विरोध लोकनायक जयप्रकाश के नेतृत्व में शुरू हुआ। जेपी ने हम सबका मार्गदर्शन किया। देश में सरकारी भ्रष्टाचार और तानाशाही के खिलाफ जो मुहिम जेपी ने शुरू की थी, वो आज तक हम लोग जारी रखे हुए हैं। मोदी जी के नेतृत्व में जो सरकार चल रही है वो जेपी के सिद्धांतों पर ही आगे बढ़ रही है।

योगी आदित्यनाथ ने भी किया जनता का संबोधन
इस कार्यक्रम में यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि, मैं गृहमंत्री का बिहार व यूपी की जनता की ओर से अभिनंनदन करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेपी के सपनों को सच करने का काम किया है। योगी ने कहा कि बिहार लोकतंत्र को खत्म होते नहीं देख सकता। जब-जब लोकतंत्र पर हमला हुआ है, बिहार ने उसके खिलाफ आंदोलन किया है। स्वतंत्रता के बाद जयप्रकाश जी ने देश को नेतृत्व देने का काम किया। जेपी ने पराधीन भारत में क्रांति की लौ जगाई थी। यूपी के सीएम ने इस दौरान बिहार बाढ़ पर राज्य सरकार पर निशाना साधा।

20 दिन में दूसरा दौरा
बता दें कि 20 दिन में यह अमित शाह का बिहार का दूसरा दौरा है। पिछले महीने अमित शाह सीमांचल के दौरे पर आए थे और उस समय भी खूब सियासत हुई थी। उस दौरान भी गृहमंत्री बिहार सरकार पर जमकर बरसे थे। इसे लेकर माना जा रहा था कि अमित शाह जेपी जयंती के मौके पर लालू यादव और नीतीश कुमार पर जमकर हमला करेंगे उन्हें जेपी के शिष्य से होने की दुहाई देंगे।