द फॉलोअप डेस्क
पटना के प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में आज सामाजिक न्याय सम्मेलन का आयोजन किया गया। आबादी के मुताबिक हिस्सेदारी सुनिश्चित करने एवं जातिगत जनगणना पर केंद्र सरकार के ढुल मूल रवैये के मद्देनजर यह सम्मेलन आयोजित थी। आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि पूरे देश में सामाजिक न्याय के लिए कांग्रेस पार्टी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस ही है, जो समाज के निचले पायदान के लोगों के अधिकारों की लड़ाई मुखरता के साथ लड़ रही है। उन्होंने सरकार से मांग रखी कि आबादी के मुताबिक इस देश में हिस्सेदारी सुनिश्चित हो। साथ ही उन्होंने जातिगत जनगणना पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जातिगत जनगणना की घोषणा केवल चुनावी जुमले की तरह न करे सरकार। बल्कि उसे यथाशीघ्र करवाने की घोषणा करे। उन्होंने सरकार से यह भी मांग रखी की किसी भी स्थिति में आरक्षण के दायरे को बढ़ाकर 65 फीसदी किया जाय साथ ही उसे संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल किया जाय,जो कि पूर्व के महागठबंधन की सरकार में प्रस्तावित था।
इधर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार प्रदेश के प्रभारी कृष्णा अल्लावारु ने कहा कि सामाजिक न्याय के नाम पर लोग बड़ी बड़ी बातें करते है, लेकिन सामाजिक न्याय के लिए जमीनी स्तर काम कांग्रेस पार्टी ही कर रही है। उन्होंने कहा कि जननेता राहुल गांधी ने देश में संविधान और लोकतंत्र की सुरक्षा के लिए कमर कस लिया है। समाज के निचले पायदान के लोगों को उसे वास्तविक हक दिलवाने का जिम्मा कांग्रेस पार्टी ने उठा रखा है और जब तक देश में ऐसा नहीं होता तब तक कांग्रेस का एक एक कार्यकर्ता चैन से नहीं बैठेंगे।
कार्यक्रम में शिरकत कर रहे बिहार प्रदेश के सह प्रभारी सुशील पासी ने कहा कि अत्याचार और अन्याय के खिलाफ देश की मजबूत आवाज है कांग्रेस पार्टी। समाज के ऐसे वंचित पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने हेतु कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से समर्पित है।
कार्यक्रम का आयोजन अति पिछड़ा विभाग के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाई कुन्दन गुप्ता एवं किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक राज कुमार शर्मा ने किया।