द फॉलोअप डेस्क
बिहार में लचर स्वास्थ्य व्यवस्था का एक और नमुना सामने आया है। राज्य के मुंगेर जिले से सदर अस्पताल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां पोस्टमार्टम हाउस में रखे शव को कुतों ने नोच दिया। शव का चेहरा और गले का हिस्सा गायब है। जिसके बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मामले की जानकारी पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। एसडीओ ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

देर शाम हुई शव की पहचान
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम को एक शव लेकर कुछ लोग सदर अस्पताल पहुंचे। फिर सभी वहां से फरार हो गए। आसपास खड़े लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने शव को फोटो लेकर सभी थाने में भेज दिया। साथ ही सोशल मीडिया पर भी इसकी जानकारी दी गई। जिसके बाद देर शाम शव की पहचान पूरब सराय ओपी क्षेत्र के मिन्नतनगर इलाके के रहने वाले मोहम्मद इदो के 42 साल के बेटे मोहम्मद अनवर के रूप में हुई। शव की पहचान के बाद शव को सुरक्षित रख दिया गया।
जैसे फोटो भेजा वैसे ही बेटे को लेंगे
सुबह जब शव को लेने परिजन पहुंचे तो वो दंग रह गए। शव का चेहरा और गले का हिस्सा गायब था। फिर क्या था परिजनों ने इसका विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की। लेकिन उनका कहना है कि जैसे उनके पास फोटो भेजा गया था वैसे ही उन्हे बेटे का शव चाहिए। वहीं मौके पर मौजूद एसडीओ ने मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

दोषी को बख्शा नहीं जाएगा
इस संबंध में मुंगेर एसपी जेजे रेड्डी ने कहा कि सोमवार देर शाम एक अज्ञात शव सदर अस्पताल में लाया गया। जिसकी पहचान शाम को हुई। पहचान के बाद शव को सदर अस्पताल प्रबंधन को सौंप दिया गया। जो लोग उसे सदर अस्पताल लाए थे, उनकी पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। इधर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ रमन ने कहा कि शाम में युवक का शव लाया गया था। रात में पोस्टमार्टम नहीं हो सकता था, इसके लिए शव को सुरक्षित पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया था। शव कैसे खराब हुआ है, इसकी जांच की जा रही है। दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT