गया:
बिहार के गया जिले में टीचर की पिटाई से छात्र के मौत का मामला सामने आया है। यहां बच्चे के होमवर्क न करने पर टीचर ने उसे इस कदर पीटा की उसकी मौत हो गई। बच्चा का नाम विवेक कुमार है और वह कक्षा तीन में स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढाई करता था। बच्चे की मौत के बाद परिवार ने स्कूल के बाहर हंगामा किया। इसके बाद पुलिस (Gaya Police) ने बुधवार शाम स्कूल संचालक विकास सिंह को गिरफ्तार (School director Vikas Singh arrested) कर लिया। धारा 302 के तहत हत्या का केस दर्ज(murder case registered under 302) किया गया है। पुलिस आगे की छानबीन में लगी है।

बच्चे का मुंह सूझा था और नाखुन से आ रहा था खून
मामला गया जिले के वजीरगंज- फतेहपुर रोड पर बड़ही बिगहा गांव का है। जहां लिटिल लीडर्स पब्लिक स्कूल में पीड़ित छात्र पढ़ता था। पुलिस ने बताया कि बुधवार को छात्र स्कूल के गेट पर एक ग्रामीण को मिला। बच्चे का मुंह सूझा था और नाखुन से खून आ रहे थे। साथ ही यूनिफॉर्म भी फटी हुई थी। युवक बच्चे को लेकर अस्पताल जाने लगा। जहां जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आगे बताया कि बच्चे का घर स्कूल से 3 किलोमीटर दूर था, इसलिए परिवार ने स्कूल के ही हॉस्टल में उसे रखा था।
बच्चे के दादा ने स्कूल के एक शिक्षक पर लगाया आरोप
बच्चे के दादा ने बताया कि पहले भी मारपीट को लेकर शिकायत की थी, लेकिन स्कूल वालों ने कहा था अब नहीं होगा। इसके बाद सब ठीक था।' दादा ने शिक्षक विकास कुमार सिंह पर उसके पोते विवेक कुमार की पिटाई का आरोप लगाया है।उन्होंने कहा कि उक्त शिक्षक ने मेरे पोते की पिटाई की और उसे स्कूल से बाहर कर दिया, जिसके बाद स्कूल के बाहर कुछ दूरी पर वह घंटों बेहोश पड़ा रहा।जहां से गांव का एक युवक गुजर रहा था। उसने विवेक को पहचान लिया औऱ उसे उठाकर घर ले आया। हम अपने बच्चे को लेकर पहले स्कूल गए फिर थाना ले गए जहां पुलिस ने पहले इलाज करने को कहा। हम फिर बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां से उसे रेफर कर दिया गया। दूसरे अस्पताल ले जाने के क्रम में बच्चे की मौत हो गई।

प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत एएनएमसीएच किया गया रेफर
वजीरगंज CHC के डॉ. रविशंकर कुमार ने बताया कि विवेक हमारे पास बेहोशी की हालत में आया था। शरीर का ऊपरी भाग पूरी तरह से सूजा हुआ था, उनके परिजन ने बाहर भी इलाज करवाने की बात बताई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत एएनएमसीएच रेफर कर दिया था। थानाध्यक्ष रामएकबाल प्रसाद यादव ने बताया कि पीड़ित परिवार ने बच्चे की बेरहमी से पीट-पीट कर हत्या का आरोप लगाया है।