logo

बढ़ सकती हैं लालू यादव की मुश्किलें, जमानत रद्द करने की मांग वाली CBI की याचिका पर सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट तैयार

lalu5.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की चारा घोटाले मामले में एक बार फिर मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सीबीआई ने लालू यादव की जमानत याचिका रद्द करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिस पर कोर्ट सुनवाई को तैयार हो गया है। सुप्रीम कोर्ट में  25 अगस्त को इस पर सुनवाई होगी।

बता दें कि याचिका में दुमका, डोरंडा, चाईबासा और देवघर मामलों में मिली जमानत को चुनौती दी गयी है। दरअसल झारखंड हाई कोर्ट ने बीमारी के कारण लालू प्रसाद यादव को जमानत दे दी थी।  सीबीआई ने इसका विरोध किया है। सीबीआई ने कोर्ट में कहा है कि लालू यादव की जमानत को रद्द कर दिया जाये। सीबीआई ने कहा है कि झारखंड हाई कोर्ट के जमानत के आदेश का आधार गलत है। लालू यादव ने सजा के मुताबिक जेल में समय नहीं बिताया है। बता दें कि झारखंड हाई कोर्ट ने कहा था कि लालू यादव पहले ही सजा का आधा हिस्सा काट चुके हैं। इसलिए 30 अप्रैल 2022 को उनको जमानत दे दी गयी थी। लालू करीब तीन साल तक रांची की जेल में रहे थे।


फिलहाल जमानत पर बाहर हैं लालू
सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट से कहा है कि जमानत की अर्जी मंजूर करते हुए झारखंड हाई कोर्ट ने कहा था कि लालू यादव ने पहले ही सजा का आधा हिस्सा काट लिया है। इसलिए उनकी रिहाई का रास्ता आसान हुआ। चाईबासा कोषागार से धन की अवैध निकासी से जुड़े एक मामले में भी सुप्रीम कोर्ट ने नौ अक्टूबर, 2020 लालू यादव को जमानत दे दी थी। दुमका मामले में 24 मार्च, 2018 को उन्हें 14 साल की जेल की सजा सुनाते हुए रांची की विशेष सीबीआई अदालत ने 60 लाख रुपये और 30 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था। 74 वर्षीय लालू यादव चारा घोटाले के विभिन्न मामलों में दोषी ठहराये जाने के बाद खराब स्वास्थ्य के कारण वर्तमान में जमानत पर बाहर हैं।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N