द फॉलोअप डेस्क
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। जिले के लौरिया थाना क्षेत्र के मठिया गांव में 24 घंटे के अंदर 5 लोगों की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक के परिजन आशंका जता रहे हैं कि इन लोगों ने किसी तरह का जहरीला पदार्थ पीया है, जिस वजह से सभी लोगों की मौत हुई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
अधिकारी कर रहे पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतकों ने एक साथ किसी संदिग्ध पदार्थ का सेवन किया था, जिससे उनकी जान चली गई। हालांकि, असल कारणों का पता लगाने के लिए प्रशासनिक अधिकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। मौत के सही कारणों का खुलासा होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही मेडिकल टीम को सभी प्रभावित व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने का निर्देश दिया गया है।
इलाके में है भय का माहौल
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम मृतकों के परिवारजनों से संपर्क कर मामले की गहराई से जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि मृतकों में मौत से पहले कौन से लक्षण नजर आ रहे थे। मठिया गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि मृतकों ने शायद किसी जहरीले पेय पदार्थ का सेवन किया होगा।
