द फॉलोअप डेस्क
बिहार सरकार के वन और पर्यावरण मंत्री तेज प्रताप यादव दो दिन से वाराणसी दौरे पर हैं। इस दौरान शुक्रवार देर रात तेज प्रताप यादव के साथ बदसलूकी की बात सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार तेजप्रताप जिस होटल में रुके थे, उस होटल के मालिक ने उनका सामान होटल के बाहर रखवा दिया था। जिस कारण उन्हें रात को सड़कों पर भटकना पड़ा। जानकारी के अनुसार बुकिंग का समय खत्म होने के बाद होटल से तेजप्रताप को निकाला गया है। इस मामले को लेकर बिहार सरकार के मंत्री ने प्राथमिकी भी दर्ज कराई है। इस घटना के बाद वाराणसी पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानें पूरा मामला
दरअसल शुक्रवार को तेजप्रताप बाबा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के लिए पहुंचे थे। तेज प्रताप यादव देर रात तक काशी के घाटों को देखते नज़र आए। देर रात जब वह सिगरा स्थित अर्काडिया होटल पहुंचे,तो उन्हें होटल प्रबंधन ने बेदखल कर दिया। होटल पहुंचने से पहले उनका सामान होटल के रिसेप्शन पर लाकर होटल प्रबंधन के द्वारा रख दिया गया था। बिना उनकी अनुमति के उनके निजी समानो को सर्च करने और निकलने पर तेज प्रताप यादव ने केस दर्ज करवाई।

समानों को सर्च कर फेंकने का लगाया आरोप
तेज प्रताप यादव के नजदीकी और वाराणसी के रहने वाले प्रदीप राय ने बताया कि देर रात जब अस्सी घाट से लौटकर तेज प्रताप यादव अपने सहयोगियों के साथ होटल पर लौटे तो होटल के रिसेप्शन पर उनके सुरक्षाकर्मियों के कमरे का पूरा सामान रखा हुआ था। सीसीटीवी को देखने के बाद पता चला कि तेज प्रताप यादव के कमरे को खोला गया है। प्रदीप राय ने उनके समानों को सर्च कर फेंकने का आरोप लगाते हुए इसे तेज प्रताप की सुरक्षा के लिए घातक बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसा व्यवहार बिहार सरकार के एक मंत्री की सुरक्षा के मद्देनजर ठीक नहीं है। इसका मामला बनता है और शिकायत की गई है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT