पटना
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने शनिवार को पटना में अपना 28वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने मौजूदा एनडीए सरकार पर जमकर हमला बोला। पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने एक ओर जहां व्यवसायी गोपाल खेतका की हत्या को लेकर राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए, वहीं दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने बेरोजगारी और विकास के मुद्दे पर सरकार को घेरा।
गोपाल खेतका की हत्या पर तेजस्वी बोले, ‘मुख्यमंत्री बेहोश हैं’
तेजस्वी यादव ने व्यवसायी गोपाल खेतका की हत्या को 'महाजंगलराज' की संज्ञा दी। उन्होंने कहा, “बिहार अब महाजंगलराज के दौर में पहुंच गया है। हम गोपाल खेतका की हत्या से बेहद दुखी हैं। कुछ साल पहले उनके बेटे की भी हत्या हुई थी, तब हम कैंडल मार्च में शामिल हुए थे। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि बिहार में अपराधी बेकाबू हो गए हैं, और हमारे मुख्यमंत्री बेहोशी की हालत में हैं।”

संविधान से मिले वोटिंग अधिकार भी छीने जा रहे – तेजस्वी
राजद स्थापना दिवस पर अपने संबोधन में तेजस्वी यादव ने यह भी कहा, “गरीबों से उनके वोटिंग अधिकार छीने जा रहे हैं, जो हमें संविधान से मिला है। आपने मुझे चुनाव से पहले अपना समय दिया, अब तेजस्वी आपका कर्ज ब्याज सहित लौटाएगा।”
राबड़ी देवी का हमला – 20 साल से नहीं हुआ कुछ
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भी बेरोजगारी और उद्योगों के नाम पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा, “बिहार में बेरोजगारी कोई नई बात नहीं है। पिछले 20 सालों में सरकार ने कुछ नहीं किया। जब हमारी सरकार थी तो हमने बिहार को फैक्ट्रियां दीं। लेकिन इन लोगों (एनडीए) ने कुछ नहीं किया। अगर इन्होंने विकास का कोई काम किया होता, तो आज घूम-घूमकर उसे साबित करने की ज़रूरत नहीं पड़ती।” राजद नेताओं ने दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है और अगली बार बिहार में फिर से समाजिक न्याय की सरकार बनेगी।
