द फॉलोअप डेस्क
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और पत्नी राजश्री की शादी की आज दूसरी सालगिरह है। इस मौके पर लालू परिवार आंध्र प्रदेश के तिरुपति बालाजी मंदिर पहुंचा है। जहां सुबह पूरे परिवार ने पूजा अर्चना की। इसके साथ ही तेजस्वी की बेटी कात्यानी का मुंडन संस्कार भी संपन्न हुआ। तेजस्वी ने सोशल मीडिया एक्स पर पूजा से जुड़ी तस्वीरे साझा की है। जिसमें लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, राजश्री और साथ में कात्यायनी दिख रही है।

तिरुपति बालाजी मंदिर में सपरिवार की पूजा
तेजस्वी ने ट्वीट कर लिखा है कि आज सवेरे आंध्र प्रदेश के तिरुमाला पर्वत स्थित उत्कृष्ट शिल्प कौशल के अद्भुत उदाहरण एवं भक्ति, विश्वास और श्रद्धा के प्रतीक भगवान तिरुपति बालाजी मंदिर में सपरिवार पूजा-अर्चना व दिव्य दर्शन किया। सकारात्मक ऊर्जा और आशीर्वाद प्राप्त किया। गर्भगृह में विराजमान भगवान वेंकटेश्वर से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण के लिए मंगल प्रार्थना की।
आज सवेरे आंध्र प्रदेश के तिरुमाला पर्वत स्थित उत्कृष्ट शिल्प कौशल के अद्भुत उदाहरण एवं भक्ति, विश्वास और श्रद्धा के प्रतीक भगवान श्री तिरुपति बालाजी मंदिर में सपरिवार पूजा-अर्चना व दिव्य दर्शन कर सकारात्मक ऊर्जा एवं आशीर्वाद प्राप्त किया तथा गर्भगृह में विराजमान भगवान वेंकटेश्वर… pic.twitter.com/dtJhGlxe4s
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) December 9, 2023

बेटी कात्यायनी का मुंडन संस्कार हुआ
तेजस्वी ने अपने ट्वीट में आगे लिखा कि आज शादी की सालगिरह के विशेष दिन पर बेटी कात्यायनी का मुंडन संस्कार भी संपन्न हुआ। सकारात्मक ऊर्जा उत्सर्जित करने वाले पौराणिक ऐतिहासिक व आध्यात्मिक स्थलों की यात्रा ज्ञानार्जन, शुभता, दिव्य हस्तक्षेप, आध्यात्मिक सांत्वना, आत्म-साक्षात्कार, ध्यान और परमात्मा से जुड़ने का जरिया, व्यक्तिगत व सामुदायिक विकास तथा मानव जीवन के मूल उद्देश्य की गहराई को समझने की चाह रखने वालों के लिए एक मार्गदर्शन के रूप में भी कार्य करती है।

9 दिसंबर 2021 को हुई थी शादी
तेजस्वी और राजश्री की शादी 9 दिसंबर 2021 को हुई थी। दोनों ने दिल्ली में परिवार और करीबियों की मौजूदगी में सात फेरे लिए थे। राजश्री का असली नाम रेचल गोडिन्हो है। वह हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली है। शादी के बाद रेचल ने अपना नाम राजश्री यादव रख लिया।