द फॉलोअप डेस्क
लैंड फॉर जॉब मामले में सीबीआई ने लालू परिवार पर शिकंजा कस लिया है। अब तो इस मामले में ईडी की भी एंट्री हो गई है। दिल्ली में लालू की बेटियों के घर टीम ने छापेमारी की थी। तेजस्वी को भी CBI ने पूछताछ के लिए समन जारी किया है। ईडी की छापेमारी को लेकर पटना एयरपोर्ट पर तेजस्वी यादव ने सोमवार को केंद्र पर निशाना साधा और बड़ा आरोप लगाया। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद से फिर से रेड शुरू हो गई है।

संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही भाजपा
तेजस्वी यादव ने बीजेपी को लेकर कहा कि इनके पास बिहार में कोई राजनीतिक जमीन, चेहरा और वोट नहीं है इसलिए ये संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम फर्जी 'इंटायर पॉलिटिकल साइंस' वाले नहीं बल्कि 'रियल पब्लिक साइंस' वाले समाजवादी लोग हैं। भाजपाइयों के झूठ, अफवाह और फर्जी राजनीतिक मुकदमों से लड़ने के लिए जिगर चाहिए। हमारे पास राजनीतिक जमीन भी है, जिगर भी है और जमीर भी है। आपके पास छल, बल और धनबल है तो हमारे पास जन बल है।

पूर्णिया रैली से खराब हराम हुई नींद: तेजस्वी
बीजेपी पर हमला करते हुए आगे तेजस्वी ने कहा कि जिस दिन हमारी सरकार बनी थी उसी दिन हमने बोल दिया था कि अब इनकी छापेमारी चलेगी। महागठबंधन की पूर्णिया रैली के बाद से इनकी नींद हराम हो चुकी है। 24 लोकेशन पर इनको इतना भी नहीं मिला जितना करोड़ों बेहिसाब नकद इनके केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के घर से मिला था। कर्नाटक में भाजपाई एमएलए के घर से आठ करोड़ मिले। क्या आईटी/सीबीआई/ईडी वहां भी पहुंची? नहीं ना?