द फॉलोअप डेस्क
बिहार में राष्ट्रगान के अपमान को लेकर सियासत उबाल पर है। इस मुद्दे पर विपक्ष लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेर रही है। अब इसे लेकर सदन से लेकर सड़क तक आंदोलन करने का ऐलान किया गया है। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीएम के मानसिक स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों में बिहार और बिहारी सुरक्षित नहीं हैं।
तेजस्वी ने मुख्यमंत्री पर उठाए सवाल
बता दें कि इसके आगे तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार और बिहार के लोग पूरी तरह से असुरक्षित हैं। बिहार के 14 करोड़ लोगों का भविष्य संकट में है और लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि अगर मुख्यमंत्री की ऐसी स्थिति है तो बिहार कैसे चल रहा है। इस पर गंभीर बहस होनी चाहिए कि बिहार को कौन चला रहा है। तेजस्वी ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री सिर्फ एक सदन के नेता नहीं, बल्कि पूरे बिहार के नेता हैं, तो उनका आचरण कैसे होगा, इससे बिहार के लोग क्या सीखेंगे।CM ने किया राष्ट्रगान का अपमान- तेजस्वी
इसके साथ ही तेजस्वी ने आगे कहा कि विपक्ष ने कभी भी सदन में कामकाजी माहौल को बाधित नहीं किया। लेकिन कल जिस तरह का वीडियो सामने आया, उसमें प्रधानमंत्री के लाडले मुख्यमंत्री ने राष्ट्रगान का अपमान किया। यह बिहारी होने के नाते बिहार का नाम झुकाने जैसा है। तेजस्वी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह पूरे देश की भावना है कि राष्ट्रगान और राष्ट्र के अपमान के लिए जिम्मेदार लोगों को 140 करोड़ भारतीयों से माफी मांगनी चाहिए।
मुख्यमंत्री मांगें माफी
इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि सदन में अन्य मुद्दों को छोड़कर इस मुद्दे पर गंभीर बहस होनी चाहिए। वे मुख्यमंत्री का सम्मान करते हैं क्योंकि वे बुजुर्ग हैं, लेकिन किसी भी व्यक्ति द्वारा राष्ट्र का अपमान नहीं सहा जा सकता। मुख्यमंत्री को इस पर माफी मांगनी चाहिए, लेकिन वे और प्रधानमंत्री दोनों चुप हैं। तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमेशा हमारे माता-पिता का अपमान किया है, लेकिन जब बात राष्ट्र के अपमान की होती है, तो हम इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।