पटना
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। विपक्ष के नेता और आरजेडी प्रमुख तेजस्वी यादव ने बुधवार को पटना में प्रेस से बातचीत के दौरान पीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी भी मां को गाली देना गलत है, लेकिन सवाल यह है कि जब नीतीश कुमार के DNA पर सवाल उठाए गए और मुझे सदन के भीतर भाजपा विधायकों ने मां-बहन की गालियां दीं, तब प्रधानमंत्री कहां थे।

तेजस्वी ने कहा, “मां तो मां होती है, मां शब्द से बड़ा कोई नहीं। हमारे संस्कार किसी की मां को अपमानित करने की इजाज़त नहीं देते। लेकिन भाजपा नेताओं ने बार-बार महिलाओं का अपमान किया है और उस वक्त प्रधानमंत्री चुप रहे।”
तेजस्वी ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि—
• कर्नाटक में रेप केस के आरोपी प्रज्वल रेवन्ना के प्रचार में खुद पीएम गए।
• सोनिया गांधी पर अभद्र टिप्पणियां की गईं।
• नीतीश कुमार के DNA पर सवाल उठाए गए।
• सदन के अंदर मुझे मां-बहन की गालियां दी गईं।
• हमारी प्रवक्ता सारिका पासवान को नंगा घुमाने की धमकी देने वाले को भाजपा ने पार्टी में शामिल कर सम्मानित किया।
तेजस्वी ने सवाल उठाया कि ऐसे मौकों पर पीएम मोदी क्यों चुप रहते हैं। उन्होंने कहा कि देश और बिहार की जनता सब देख रही है। “दिखावटी और मिलावटी राजनीति से अब काम नहीं चलेगा।” प्रधानमंत्री द्वारा मंगलवार को गाली वाले विवाद पर दिए गए भावनात्मक बयान पर भी तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि जब तक मोदी विदेश में थे, तब तक हंसते-ठहाके लग रहे थे, लेकिन भारत लौटते ही उन्हें रोना याद आया।
